नोएडा में रफ्तार का कहर, BMW कार ने स्कूटी को मारी टक्कर, 5 साल की बच्ची की मौत

कार और आरोपी युवक
उत्तर प्रदेश के नोएडा में एक भीषण सड़क हादसा हुआ है. यहां तेज रफ्तार लग्जरी कार का कहर एक बार फिर देखा गया है. यहां स्कूटी पर जा रहे दो लोगों और एक बच्ची को बीएमडब्ल्यू कार ने टक्कर मार दी, जिसमें 5 साल की बच्ची की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोगों को इलाज के लिए हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है.
हादसा नोएडा थाना सेक्टर 20 इलाके में हुआ. पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर उसमें सवार रहे दो युवकों की गिरफ्तार कर ली है और मामले की जांच की जा रही है. जानकारी के अनुसार, सदरपुर निवासी गुल मोहम्मद एक अन्य युवक राजा के साथ अपनी 5 साल की बेटी की तबीयत खराब होने पर उसे चाइल्ड पीजीआई अस्पताल में दिखाने जा रहे थे.
हॉस्पिटल के पीछे मारी टक्कर
इसी दौरान हॉस्पिटल के पीछे सेक्टर-30 में तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू कार ने स्कूटी को जबरदस्त टक्कर मार दी. जिसमें राजा और गुल मोहम्मद को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि बच्ची की मौत हो घई. गुल मोहम्मद और राजा की हालत गंभीर है और उनका इलाज नोएडा के कैलाश हॉस्पिटल किया जा रहा है.
कार सवार दोनों युवक अरेस्ट
वहीं थाना सेक्टर-20 पुलिस ने कार सवार रहे दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया है. युवकों का नाम यश शर्मा और अभिषेक रावत है. यश शर्मा सेक्टर-37 और अभिषेक रावत सेक्टर-70 का रहने वाला है. पुलिस द्वारा बीएमडब्ल्यू कार HR51BZ6060 को कब्जे में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है. इस घटना के बाद से परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है.
पुलिस ने परिजनों को दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का भरोसा दिया है. वहीं प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बीएमडब्ल्यू कार की रफ्तार बहुत ज्यादा तेज थी. ऐसे में जैसे ही कार ने स्कूटी को टक्कंर मारी वो कुछ मीटर दूर तक फिसलती चली गई.
ये भी पढ़ें: भैया की साली पर थी गंदी नजर, जंगल में किया रेप, तभी आ गए तीन लड़के फिर आपबीती सुनाकर बिलख पड़ी नाबालिग

