उत्तर प्रदेशभारत

योगी सरकार की अनूठी पहल, सर्वोदय विद्यालयों और छात्रावासों में श्रमदान अभियान शुरू

योगी सरकार की अनूठी पहल, सर्वोदय विद्यालयों और छात्रावासों में श्रमदान अभियान शुरू

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत मिशन को नई गति देते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकार ने एक और अभिनव कदम बढ़ाया है. सीएम योगी के मार्गदर्शन और समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण के निर्देश पर प्रदेश के सभी जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालयों और राजकीय छात्रावासों में प्रत्येक रविवार श्रमदान कार्यक्रम शुरू हो गया है.

सरकार की इस नई पहल के तहत अब सर्वोदय विद्यालयों और छात्रावासों में हर रविवार को विद्यार्थियों द्वारा श्रमदान किया जाएगा, ताकि वो अपने परिसर को खुद सजा सकें और साफ-सुथरा रख सकें. इस कार्यक्रम का मकसद विद्यार्थियों में अनुशासन, सहयोग और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है, साथ ही बागवानी के जरिए से पर्यावरण चेतना भी बढ़ाना है.

परिसर की साफ-सफाई और मरम्मत कार्य

श्रमदान कार्यक्रम के तहत प्रत्येक रविवार को विद्यालय और छात्रावास परिसर की साफ-सफाई की जाएगी. टूटी हुई कुर्सियां, मेज और अन्य फर्नीचर की मरम्मत की जाएगी, पानी की टंकियों और नालियों की सफाई एवं कचरा निस्तारण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा. इसके लिए आवश्यक उपकरण जैसे झाड़ू, फावड़े, बाल्टी, तसला और कूड़ेदान की व्यवस्था पहले से कर दी गई है, ताकि काम में किसी तरह की कोई परेशानी न आए.

बागवानी से हरियाली को बढ़ावा

इस कार्यक्रम में बागवानी पर भी खास जोर दिया गया है. इस दौरान पेड़-पौधों की निराई-गुड़ाई, नए पौधों का रोपण और सूखे पत्तों एवं टहनियों से खाद बनाने का कार्य भी किया जाएगा. इससे विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण की भावना मजबूत होगी.

सदनवार जिम्मेदारी और डिजिटल मॉनिटरिंग

विद्यालयों को सदनों में बांटकर श्रमदान की जिम्मेदारी तय की जाएगी. इससे विद्यार्थियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना जागेगी साथ ही परिसर को सुंदर बनाने की प्रेरणा मिलेगी. श्रमदान कार्य की पहले और बाद की तस्वीरें निर्धारित प्रारूप में QR कोड के माध्यम से अपलोड की जाएंगी, जिससे निगरानी और पारदर्शिता सुनिश्चित होगी. इससे पता चल सकेगा कि क्या काम हुआ है.

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button