उत्तर प्रदेशभारत

दालमंडी की सभी 6 मस्जिदें होंगी शिफ्ट, PWD ने मुस्लिम पक्ष को दिया ऑफर, कहा- जमीन आप बता दो, हम बनवा देंगे

दालमंडी की सभी 6 मस्जिदें होंगी शिफ्ट, PWD ने मुस्लिम पक्ष को दिया ऑफर, कहा- जमीन आप बता दो, हम बनवा देंगे

31 अगस्त तक पूरा होगा दालमंडी प्रोजेक्ट.

Varanasi News: वाराणसी के ऐतिहासिक दालमंडी क्षेत्र में चल रही सड़क चौड़ीकरण परियोजना अब अंतिम चरण में पहुंच गई है. लोक निर्माण विभाग (PWD) के अनुसार, 31 मई तक कुल 187 संपत्तियों को खाली करा लिया जाएगा. इनमें छह मस्जिदें भी शामिल हैं, जो प्रस्तावित चौड़ीकरण की जद में आ रही हैं. विभाग ने लक्ष्य रखा है कि 31 अगस्त तक पूरी परियोजना का काम पूरा कर शासन को सौंप दिया जाएगा.

अब तक 107 संपत्तियां खाली

गुरुवार को सात जर्जर भवनों को ध्वस्त किए जाने के बाद अब तक 107 संपत्तियां खाली कराई जा चुकी हैं. शेष 80 संपत्तियों को इस महीने के अंत तक खाली कराने की तैयारी है. PWD के अधिशासी अभियंता के.के. सिंह ने बताया कि मस्जिदों के मुतवल्लियों और प्रबंधन समितियों से लगातार बातचीत की जा रही है. अगले तीन से चार दिनों में पुनर्वास और विस्थापन को लेकर अंतिम निर्णय होने की संभावना है.

ये भी पढ़ें- 220 करोड़ के दालमंडी प्रोजेक्ट का फर्स्ट लुक 3 मंजिला कॉम्प्लेक्स बना, अब स्मार्ट रोड पर दौड़ेगा कारोबार

मस्जिदों के पुनर्निर्माण का प्रस्ताव

PWD ने मस्जिद समितियों के सामने दो विकल्प रखे हैं. पहला- यदि वक्फ की समान क्षेत्रफल वाली जमीन उपलब्ध कराई जाती है तो सरकार वहां मस्जिद निर्माण की लागत उपलब्ध कराएगी. दूसरा- यदि कोई उपयुक्त सरकारी भूमि चिन्हित की जाती है तो उसी क्षेत्रफल में नई मस्जिद का निर्माण कराया जाएगा. के.के. सिंह ने कहा कि विभाग समिति और मुतवल्लियों के निर्णय के अनुसार आगे बढ़ेगा.

मस्जिद पक्ष ने कहा- विकास के खिलाफ नहीं

करीमुल्लाह बेग मस्जिद से जुड़े मुजावर बाबू जान ने कहा कि सभी छह मस्जिदों के प्रतिनिधि आपसी सहमति से निर्णय लेंगे. उन्होंने कहा कि समुदाय विकास कार्यों के खिलाफ नहीं है, लेकिन प्रक्रिया कानून के दायरे में और सभी पक्षों की सहमति से होनी चाहिए.

ये छह मस्जिदें हैं परियोजना की जद में…

  • लंगड़ा हाफिज मस्जिद (200 वर्ष से अधिक पुरानी).
  • करीमुल्लाह बेग मस्जिद (करीब 226 वर्ष पुरानी).
  • संगमरमर वाली मस्जिद.
  • निसारन मस्जिद.
  • अली रजा मस्जिद.
  • रंगीले शाह मस्जिद.

परियोजना की मुख्य बातें

  • कुल लंबाई: लगभग 650 मीटर
  • प्रस्तावित चौड़ाई: करीब 17.4 मीटर
  • अनुमानित लागत: लगभग 221224 करोड़ रुपए
  • प्रभावित संपत्तियां: 187 भवन, दुकानें और मस्जिद
  • कार्यदायी संस्था: PWD

इस परियोजना के तहत नई सड़क बनने से लहुराबीर-गोदौलिया मार्ग से काशी विश्वनाथ धाम के गेट नंबर 4 तक पहुंच अधिक सुगम होगी. साथ ही दालमंडी क्षेत्र में वर्षों से चली आ रही ट्रैफिक और भीड़भाड़ की समस्या में राहत मिलने की उम्मीद है.

अमित कुमार सिंह

अमित कुमार सिंह

पिछले 15 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय, 2008 सितम्बर में नई दुनियां अख़बार दिल्ली से पत्रकारिता शुरू की. अप्रैल 2009 में ज़ी मीडिया जॉइन किया. दिसंबर 2018 तक ज़ी मीडिया में बतौर ब्यूरो चीफ बनारस रहा. जनवरी 2019 से जनतंत्र टीवी में गए और 2021 तक जिम्मेदारी निभाई.

रोमिंग जर्नलिस्ट के तौर पर जनतंत्र टीवी के लिए स्पेशल करेस्पोंडेंट की हैसियत से दिल्ली, बिहार-झारखंड और लखनऊ में अपनी सेवाएं दीं. टीवी 9 यूपी का हिस्सा बनने से पहले न्यूज़ नेशन गोरखपुर में बतौर ब्यूरो चीफ़ की भूमिका में रहे. फिलहाल टीवी 9 यूपी (डिजिटल) के लिए बनारस से सेवाएं दे रहे हैं.

Read More

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button