उत्तर प्रदेशभारत

अयोध्याः राम मंदिर चंदा चोरी प्रकरण के बीच ट्रस्ट की आज अहम बैठक, चंपत की जगह बजरंग को लाने की तैयारी

अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावा चोरी मसले पर कई दिनों से चले आ रहे विवाद के बीच आज सोमवार को श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की अहम बैठक होने जा रही है. विवाद के बाद ट्रस्ट की यह पहली बैठक है. बैठक में कई बड़े फैसले भी लिए जाने की उम्मीद जताई जा रही है. दावा यह भी किया जा रहा है कि इसमें ट्रस्ट के पदाधिकारियों के इस्तीफे को स्वीकार किया जा सकता है, साथ ही ट्रस्ट के नए पदाधिकारियों के नाम पर भी मंथन किया जाएगा. इसमें कुछ नाम चर्चा में भी चल रहे हैं.

चंदा चोरी प्रकरण के बाद आज श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की होने वाली बैठक बेहद अहम मानी जा रही है. बैठक में महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी डॉक्टर अनिल मिश्र के इस्तीफों को स्वीकार करने के साथ-साथ ट्रस्ट के नेतृत्व में बदलाव, नए महासचिव और नए ट्रस्टी की नियुक्ति पर भी मुहर लग सकती है.

VHP के महामंत्री रेस में आगे

विश्व हिंदू परिषद (VHP) के अंतरराष्ट्रीय महामंत्री बजरंगलाल बागड़ा महासचिव पद की दौड़ में सबसे आगे बताए जा रहे हैं, जबकि कृष्णमोहन और नीरज दौनेरिया के नाम भी चर्चा में हैं. दोनों के इस्तीफा स्वीकार होने के बाद ट्रस्ट में 3 जगह खाली हो जाएंगे. तीनों नामों पर इसी बैठक मुहर लगने की संभावना जताई जा रही है. या फिर जल्दी ही अगली बैठक बुलाकर फैसला लिया जायेगा.

श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की यह बैठक अयोध्या में जन्मभूमि परिसर के यात्री सुविधा केंद्र में 3 बजे से आयोजित होगी. करोड़ों रामभक्तों की आस्था से जुड़े इस चोरी प्रकरण के बाद होने वाली बैठक पर देशभर की निगाहें टिकी हैं.

संगठनात्मक भविष्य पर होगा मंथन

बैठक के एजेंडे में सबसे पहले महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी डॉक्टर अनिल मिश्र के इस्तीफों पर विचार किया जाएगा. अगर आज इस्तीफे स्वीकार कर लिए जाते हैं तो ट्रस्ट के संगठनात्मक ढांचे में बड़े बदलाव का रास्ता साफ हो सकता है. महासचिव पद के लिए विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय महामंत्री बजरंगलाल बागड़ा का नाम प्रमुख माना जा रहा है. बागड़ा अयोध्या पहुंच भी चुके हैं. उनके अलावा ट्रस्टी कृष्णमोहन का नाम भी चर्चा में है.

साथ ही यह भी बताया जा रहा है कि ट्रस्ट में एक नए सदस्य के रूप में विश्व हिंदू परिषद के इंद्रप्रस्थ क्षेत्र के संगठन मंत्री नीरज दौनेरिया को भी शामिल किए जाने पर विचार हो सकता है. यह नियुक्ति दिवंगत ट्रस्टी बिमलेंद्र मोहन प्रताप मिश्र के स्थान पर की जा सकती है.

ऑडिट रिपोर्ट पर भी होगी चर्चा

बैठक में चढ़ावा चोरी मामले की जांच कर रही एसआईटी अपनी अंतरिम रिपोर्ट भी ट्र्स्ट के समक्ष प्रस्तुत करेगी. 13 जून को गठित 3 सदस्यीय एसआईटी अब तक 8 आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी है और मामले की जांच जारी है. इस पूरे प्रकरण में एफआईआर ट्रस्टी कृष्णमोहन की ओर से दर्ज कराई गई थी.

ट्रस्ट की बैठक में वित्त वर्ष 2025-26 की ऑडिट रिपोर्ट पर भी चर्चा होगी. इसके अलावा ट्रस्ट के नए मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) की नियुक्ति, मंदिर की प्रशासनिक व्यवस्था में सुधार और एजेंडे के अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी निर्णय लिए जाने की संभावना जताई गई है.

कौन हैं बजरंग लाल बागड़ा

बजरंग लाल बागड़ा का संगठन और प्रशासन दोनों क्षेत्रों में लंबा अनुभव रहा है. राजस्थान के सीकर जिले के निवासी बागड़ा पूर्व में नालको के चेयरमैन रह चुके हैं. स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति के बाद उन्होंने विश्व हिंदू परिषद में सक्रिय भूमिका निभाई और वर्तमान में अंतरराष्ट्रीय महामंत्री हैं.

पेशे से चार्टर्ड अकाउंटेंट बागड़ा को संगठन संचालन और वित्तीय प्रबंधन का व्यापक अनुभव होने के कारण महासचिव पद का मजबूत दावेदार माना जा रहा है.

पंकज चतुर्वेदी

पंकज चतुर्वेदी

पंकज चतुर्वेदी को पत्रकारतिा के क्षेत्र में एक दशक से ज्यादा का अनुभव है. देश और उत्तरप्रदेश की राजनीति को कवर करते आ रहे हैं. दिल्ली में अमर उजाला और पंजाब केसरी से पत्रकारिता की यात्रा की शुरुआत हुई.  दिल्ली में 2 साल की पत्रकारिता के बाद मिट्टी की खुशबू यूपी खींच लाई और तब से राजधानी लखनऊ में ही पत्रकारिता हो रही है. 2017 में यात्रा को विस्तार देते हुए इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े. राजनीतिक खबरों में गहरी रुचि और अंदर की खबर को बाहर लाने का हुनर, साथ ही यूपी की ब्यूरोकेसी में खास पकड़.  पत्रकारिता का फलसफा खबरों को खबर के रूप में ही जनता तक पहुंचाना.

Read More

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button