सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कई वीडियो में कॉन्सर्ट के दौरान का अफरा-तफरी भरा माहौल साफ दिखाई दे रहा है. कुछ लोग तो यह दावा भी कर रहे हैं कि कई लोग जबरन कॉन्सर्ट में घुस गए. वहीं, कुछ क्लिप्स में दर्शकों के बीच धक्का-मुक्की के सीन भी सामने आए हैं. ये कॉन्सर्ट दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में हुआ था.
हंगामे में बदला करण औजला का दिल्ली कॉन्सर्ट
एक वीडियो में बॉक्स ऑफिस के सामने भारी भीड़ दिखाई दे रही है, जहां लोग अपनी एंट्री बैंड मांगते नजर आ रहे हैं और पुलिस को बीच-बचाव करना पड़ा. एक सोशल मीडिया यूजर ने दावा किया कि कुछ लोगों ने बॉक्स ऑफिस से पास और बैंड छीन लिए और उन्हें मौके पर ही ज्यादा कीमत पर बेचना शुरू कर दिया, जबकि कई ऐसे लोग, जिन्होंने टिकट खरीदी थी, उन्हें एंट्री बैंड ही नहीं मिला.
यह वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए एक यूजर ने इवेंट मैनेजमेंट पर सवाल उठाए. पोस्ट के कैप्शन में लिखा था कि करण औजला के दिल्ली कॉन्सर्ट के लिए इवेंट मैनेजमेंट बेहद खराब रहा. लोगों को घंटों खड़े रहना पड़ा, भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और एंट्री बैंड तक जारी नहीं किए गए. यूजर ने यह भी नाराजगी जताई कि उन्होंने 6 हजार रुपये चुकाए, लेकिन बदले में बेहद खराब एक्सपीरियंस मिला.
एंट्री बैंड को लेकर हुआ बवाल
एक और वीडियो में एक सोशल मीडिया यूजर ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने काउंटर से पास और रिस्टबैंड छीन लिए और उन्हें बाहर हाई प्राइज में बेचना शुरू कर दिया. वहीं, कई ऐसे लोग भी नजर आए जिन्होंने दावा किया कि उनके पास टिकट होने के बावजूद उन्हें एंट्री बैंड नहीं मिला. वीडियो के कैप्शन में लिखा था, ‘करण औजला दिल्ली कॉन्सर्ट के नज़ारे. भीड़ ने टिकट काउंटर तोड़ दिए और सारे पास ले लिए. मौके पर मौजूद आयोजकों को वहां से भागना पड़ा.’
हाथापई पर उतरे लोग
मौके से सामने आए कई वीडियो में अफरा-तफरी का आलम साफ दिखाई देता है. कुछ क्लिप्स में बॉक्स ऑफिस काउंटर को नुकसान पहुंचा हुआ दिखा, तो कुछ में दर्शकों के बीच धक्का-मुक्की और झड़प होती नजर आई. एक वीडियो में तो वीआईपी सेक्शन के अंदर भी लड़ाई होते हुए दिखाई दी, जो बाद में हाथापाई तक पहुंच गई.
एक यूजर ने कहा ‘कॉन्सर्ट तो अच्छा था, लेकिन इंतज़ाम ठीक नहीं थे. वहां न पुलिस दिखी और न ही सही सुरक्षा थी.’ दूसरे ने लिखा ‘ऐसे हालात देखकर लगता है कि क्या हमारा देश बड़े कॉन्सर्ट के लिए तैयार है? लोगों के टिकट छीन लेना और अंदर झगड़ा करना बिल्कुल गलत है.’ एक और यूजर ने कहा ‘जब स्टेडियम में 35-40 हजार लोगों की जगह है और अंदर 70 हजार लोग भर दिए जाएं, तो ऐसा हंगामा होना तय है.’