उत्तर प्रदेशभारत

सांसद प्रिया की AI से फेक फोटो बनाकर किया वायरल, BJP नेता समेत दो पर FIR

सांसद प्रिया की AI से फेक फोटो बनाकर किया वायरल, BJP नेता समेत दो पर FIR

सपा सांसद प्रिया सरोज. (फाइल फोटो)

उत्तर प्रदेश के जौनपुर में मछलीशहर लोकसभा सीट से सपा सांसद प्रिया सरोज की AI जेनरेटेड आपत्तिजनक तस्वीर पोस्ट करने पर बीजेपी के जिला मीडिया प्रभारी समेत दो लोगों पर गंभीर धाराओं में केस दर्ज हुआ है. सांसद प्रिया सरोज की फोटो उनके मंगेतर क्रिकेटर रिंकू सिंह के साथ AI से बनाकर उनकी छवि धूमिल करने के उद्देश्य से पोस्ट किया गया था. केस दर्ज होने के बाद प्रिया सरोज ने अपने फेसबुक पेज पर एक तस्वीर ‘नकली तस्वीर, नाकाम साजिश, ‘भाजपा फिर से नाकाम’ कैप्शन के साथ पोस्ट करते हुए ऐसे लोगों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है.

दरअसल, मछलीशहर लोकसभा सीट से सपा सांसद प्रिया सरोज ने बुधवार को जौनपुर के साइबर क्राइम थाने में तहरीर दिया. उनका आरोप है कि फेसबुक और इंस्टाग्राम के जरिए उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा धूमिल करने और सार्वजनिक जीवन में संसद सदस्य के साथ ही एक महिला होने के नाते उन्हें जानबूझकर निशाना बनाते हुए उनको बदनाम करने की सोची समझी साजिश की गई. आरोप है कि उनके चरित्र और आचरण पर सीधा आघात करने के लिए सुनियोजित तरीके से इस कृत्य द्वारा उनकी अपूरणीय क्षति की गई.

दो आरोपियों पर गंभीर धाराओं में केस दर्ज

जौनपुर में बीजेपी के जिला मीडिया प्रभारी आमोद सिंह और एड. विशाल सिंह द्वारा अपनी आईडी के जरिए सांसद प्रिया सरोज की उनके मंगेतर और क्रिकेटर रिंकू सिंह के साथ AI से नकली, झूठी और कृत्रिम मॉर्फ्ड व आपत्तिजनक तस्वीरें पोस्ट और साझा किया गया था. पोस्ट के यूआरएल और स्क्रीनशॉट के साथ प्रिया सरोज ने जौनपुर के साइबर क्राइम थाने में लिखित शिकायत करके कार्रवाई की मांग की.

सांसद प्रिया सरोज की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी आमोद सिंह और एड. विशाल सिंह पर आईटी एक्ट समेत BNS की 12 गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है.

ऐसे आचरण को हल्के में नहीं लिया जा सकता- प्रिया सरोज

पुलिस से की गई शिकायत में सपा सांसद प्रिया सरोज ने कहा कि वह मौजूदा संसद सदस्य हैं. एक चुने गए महिला प्रतिनिधि के साथ सार्वजनिक जीवन में उन्हें निशाना बनाने वाले ऐसे आचरण को हल्के में नहीं लिया जा सकता और न ही लिया जाना चाहिए. ऐसे आरोपियों के खिलाफ सख्त और स्पष्ट कार्रवाई से एक साफ संदेश जाएगा.

सांसद प्रिया ने सोशल मीडिया पर किया पोस्ट

केस दर्ज कराने के बाद सपा सांसद प्रिया सरोज ने अपने फेसबुक पेज पर एक पोस्ट किया है. ‘भाजपा फिर से नाकाम’ कैंप्शन के साथ उन्होंने लिखा कि जौनपुर में बीजेपी आईटी सेल प्रभारी और कुछ लोगों द्वारा जानबूझकर AI जेनरेटेड फर्जी तस्वीरें शेयर करके झूठा माहौल और बदनाम करने की कोशिश की जा रही थी. यह बीजेपी की राजनीति नहीं बल्कि डर और घबराहट है. उन्होंने लिखा कि पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी गई है और इस प्रकार की हरकतों पर सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए.

फिलहाल, जौनपुर पुलिस सांसद प्रिया सरोज की शिकायत पर दोनों आरोपियों पर केस दर्ज करते हुए पूरे मामले की छानबीन में जुट गई है. हालांकि केस दर्ज होने के बाद बीजेपी के जिला मीडिया प्रभारी आमोद सिंह ने पोस्ट को डिलीट कर दिया है.

रिपोर्ट: अजय पांडे

TV9 Bharatvarsh

TV9 Bharatvarsh

टीवी9 भारतवर्ष डिजिटल TV9 नेटवर्क का प्रमुख हिंदी न्यूज़ प्लेटफॉर्म है. इस वेबसाइट पर देश-विदेश की ताज़ा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़, विश्लेषण और ग्राउंड रिपोर्टिंग से पाठकों को रूबरू कराया जाता है. टीवी9 की वेबसाइट tv9hindi.com प्रमुख हिंदी वेबसाइटों में अपना स्थान रखती है. टीवी9 हिंदी का अपना मोबाइल ऐप भी है, जहां टेक्स्ट और वीडियो दोनों माध्यम से खबरें पढ़ीं और देखी जा सकती हैं. टीवी9 वेबसाइट पर राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन, स्वास्थ्य, टेक और अंतरराष्ट्रीय मामलों जैसी विविध श्रेणियों में खबरें कवर की जाती हैं. यहां एक्सप्लेनर्स, एक्सक्लूसिव स्टोरीज, वीडियो रिपोर्ट्स और लाइव अपडेट्स मिलते हैं. TV9 नेटवर्क का डिजिटल सेगमेंट तेजी से बढ़ा है और मिलियंस की संख्या में यूनिक यूजर्स तक पहुंचता है.

Read More

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button