मनोरंजन

‘ये बेहद शर्म की बात है’, ऑस्कर 2026 में धर्मेंद्र को नजरअंदाज किए जाने पर भड़कीं हेमा मालिनी, ईशा देओल ने कह दी ऐसी बात

15 मार्च को ऑस्कर अवॉर्ड्स 2026 आयोजित किए गए थे. ‘इन मेमोरियम’ सेगमेंट भी इसमें शामिल था, जिसमें पिछले एक साल में दुनिया को अलविदा कहने वाली इंडस्ट्री की हस्तियों को श्रद्धांजलि दी गई थी. हालांकि, पिछले साल दुनिया से रुखसत हुए दिग्गज भारतीय अभिनेता धर्मेंद्र का नाम इस श्रद्धांजलि सूची से नदारद था. हालांकि, ऑस्कर की ऑफिशियल वेबसाइट पर जारी डिटेल्ड लिस्ट में धर्मेंद्र का नाम शामिल था, लेकिन लाइव टीवी टेलीकास्ट के दौरान उनका नाम न देखकर फैंस निराश हो गए. अब, दिवंगत दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र की पत्नी और अभिनेत्री हेमा मालिनी ने ऑस्कर की इस अनदेखी पर अपना रिएक्शन दिया है और इसे बेहद शर्मनाक कहा है.

हेमा मालिनी ने ऑस्कर की आलोचना की
बॉलीवुड हंगामा से बात करते हुए, हेमा मालिनी ने अपनी निराशा ज़ाहिर की, और कहा कि इतने ग्लोबल महत्व वाले एक्टर को नजरअंदाज़ करना शर्म की बात है. दिग्गज अभिनेत्री ने कहा, “बेशक, यह शर्म की बात है. उनके लिए यह शर्म की बात है कि उन्होंने एक ऐसे एक्टर को नज़रअंदाज़ किया जो दुनिया के कई हिस्सों में इतने सारे लोगों के लिए बहुत मायने रखता है. धर्मजी को हर जगह जाना और पहचाना जाता था.”

नजरअंदाज किए जाने से कोई फर्क नहीं पड़ता
हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें इस नज़रअंदाज़ किए जाने से कोई फ़र्क नहीं पड़ता. उन्होंने कहा, “उन्हें अपनी ज़िंदगी में कभी ज़्यादा अवॉर्ड्स नहीं मिले. उन्हें ऑस्कर की परवाह क्यों करनी चाहिए? हम दोनों, हम अपने देश में प्यार पाकर खुश थे. लेकिन अवॉर्ड्स हमेशा उनसे दूर रहे. यहां तक ​​कि मुझे लाल पत्थर और मीरा में अपनी बेस्ट परफ़ॉर्मेंस के लिए भी कोई अवॉर्ड नहीं मिला.”

बता दें कि  ऑस्कर के लाइव टेलीकास्ट के बाद, कई इंडियन फैंस ने धर्मेंद्र को शामिल न करने पर सोशल मीडिया पर अपनी नाराज़गी ज़ाहिर की थी. एक फैन ने बॉलीवुड के एक लेजेंड का अपमान करने के लिए एकेडमी अवॉर्ड्स की बुराई की, जबकि दूसरे यूज़र ने भी यही बात दोहराते हुए सवाल किया कि इतनी हाइप के बावजूद इंडियन आइकॉन को पहचान क्यों नहीं मिली.

ईशा देओल ने क्या कहा?
हेमा मालिनी के बाद उनकी बेटी  ईशा देओल ने भी 98वें एकेडमी अवॉर्ड्स के लाइव टेलीकास्ट के दौरान ‘इन मेमोरियम’ सेगमेंट में धर्मेंद्र को शामिल न किए जाने पर अपना रिएक्शन दिया. वैराइटी इंडिया से बातचीत में ईशा देओल ने कहा, “मुझे नहीं लगता कि इससे पापा को कभी कोई फ़र्क पड़ेगा. उनका दिल हमेशा से इतना बड़ा रहा है कि वे ऐसी छोटी-मोटी बातों की परवाह नहीं करते. उनके लिए ज़िंदगी कभी भी पहचान या रुतबे के बारे में नहीं रही, बल्कि यह हमेशा प्यार, दयालुता और लोगों के दिलों में उनकी जगह के बारे में रही है.”

इन हॉलीवुड की दिवंगत हस्तियों को किया गया सम्मानित
बता दें कि 98वें एकेडमी अवार्ड्स के दौरान, लाइव टेलीकास्ट में हॉलीवुड की दिवंगत हस्तियों को सम्मानित किया गया, जिनमें डायने कीटन, कैथरीन ओ’हारा, रॉबर्ट रेडफोर्ड, उडो कीर, रॉब राइनर, रॉबर्ट डुवैल, जीन हैकमैन और वैल किल्मर शामिल थे.

 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button