मुजफ्फरनगर में चेकिंग के दौरान पुलिस पर फायरिंग, हेड कांस्टेबल को लगी गोली, बदमाशों की तलाश में जुटीं 8 टीमें


मुजफ्फरनगर पुलिस पर फायरिंग.
मुजफ्फरनगर जनपद के तितावी थाना क्षेत्र में शनिवार देर शाम को संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग करने का एक मामला सामने आया है. जहां चेकिंग के दौरान पुलिस को देखकर भाग रहे संदिग्धों का पीछा करने पर बदमाशो ने फायरिंग कर दी, जिसमें हेड कांस्टेबल अजीत कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए.
घायल पुलिसकर्मी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक हेड कांस्टेबल अजीत की हालत खतरे से बाहर है. घटना के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जनपद की आठ पुलिस टीमें कॉम्बिंग अभियान में जुटी हैं.
गोली लगने से हेड कांस्टेबल घायल
एसएसपी सूरज कुमार राय ने बताया की तितावी थाना पुलिस गोपनीय सूचना के आधार पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान कुछ संदिग्ध व्यक्ति पुलिस टीम को दिखाई दिए. पुलिस को देखकर जब वे भागने लगे तो चेकिंग टीम में शामिल हेड कांस्टेबल अजीत कुमार ने उनका पीछा किया जिसपर भाग रहे आरोपियों ने फायरिंग कर दी, जिसमें गोली लगने से हेड कांस्टेबल अजित घायल हो गया.
घटना के बाद घायल पुलिसकर्मी को तत्काल जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिलाकर मुजफ्फरनगर के आनंद हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है. जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका उपचार जारी है.
बदमाशों की तलाश में जुटीं आठ टीमें
एसएसपी सूरज कुमार राय की माने तो शनिवार को थाना तितावी क्षेत्र अंतर्गत पुलिस चेकिंग एक गोपनीय सूचना पर लगाई गई थी और चेकिंग पार्टी के एक हेड कांस्टेबल अजीत को कुछ संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिए. जिनका इन्होंने गन्ने के खेत में पीछा करने का प्रयास किया, जिसमें एक अभियुक्त ने उनके ऊपर फायर खोल दिया और फरार हो गए. अजीत को तत्काल आवश्यक चिकित्सा उपलब्ध कराई गई. फिलहाल अजीत खतरे से बाहर हैं. पूरे जनपद से आठ टीमों को यहां बुलाया गया है घटनास्थल पर और पूरे क्षेत्र में कांबिंग कराई जा रही है, शीघ्र ही अभियुक्तों के खिलाफ कठोरतम विधिक कार्रवाई की जाएगी.





