उत्तर प्रदेशभारत

मंदिर में हत्या, धूनी के नीचे दफन लाशें… बागपत में 2 दोस्त अंकित-इसरार का कत्ल, पुजारी ने मरवा डाला!

मंदिर में हत्या, धूनी के नीचे दफन लाशें... बागपत में 2 दोस्त अंकित-इसरार का कत्ल, पुजारी ने मरवा डाला!

मंदिर में जमा भीड़.

Baghpat news: उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में 2 दोस्तों की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. करीब 20 दिन से लापता अंकित और इसरार के शव लहचौड़ा गांव स्थित गणेश मंदिर परिसर में धूनी के नीचे दफन मिले. पुलिस ने गड्ढा खुदवाकर दोनों शवों को बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. परिजनों ने मंदिर के पुजारी पर हत्या का शक जताया है. पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में हत्या की वजह अवैध संबंध बताई जा रही है. हालांकि, मामले की पूरी तस्वीर जांच के बाद ही साफ होगी.

20 दिन से लापता थे दोनों दोस्त

मामला चांदीनगर थाना क्षेत्र के लहचौड़ा गांव का है. अंकित और इसरार गहरे दोस्त थे. दोनों करीब 20 दिन पहले घर से निकले थे, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटे. परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन दोनों का कोई सुराग नहीं मिला. परिजनों के मुताबिक, दोनों दोस्त लहचौड़ा गांव के गणेश मंदिर में रहने वाले पुजारी से मिलने गए थे. इसके बाद से ही दोनों लापता हो गए. लगातार तलाश के बीच परिवार को मंदिर परिसर में दोनों के शव दफन होने की जानकारी मिली.

ये भी पढ़ें- स्कूलों की बदहाली पर Gen Alpha का हल्ला बोल, कहीं तालाबंदी तो कहीं पथराव; UP-उत्तराखंड से राजस्थान तक प्रदर्शन

धूनी के नीचे गड्ढा खोदकर दफन किए शव

सूचना मिलने पर पुलिस मंदिर परिसर पहुंची. इसके बाद जिस जगह पर शव दफन होने की बात सामने आई थी, वहां खुदाई कराई गई. गड्ढे से दोनों के शव बरामद हुए. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. जांच में सामने आया कि शवों को मंदिर परिसर में बनी धूनी के नीचे दफन किया गया था. इसके बाद ऊपर से इंटरलॉकिंग टाइल्स लगा दी गई थीं. इससे आशंका है कि शवों को छिपाने की कोशिश की गई थी.

पुजारी पर परिजनों ने जताया शक

परिजनों ने मंदिर के पुजारी पर दोनों की हत्या में शामिल होने का शक जताया है. बताया जा रहा कि यह पुजारी पहले अंकित और इसरार के गांव सिंगोली तगा स्थित मंदिर में रहता था. करीब छह महीने पहले वह लहचौड़ा के गणेश मंदिर में रहने आया था. परिजनों का कहना है कि दोनों दोस्त पुजारी से मिलने मंदिर पहुंचे थे और इसके बाद संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए. घटना के बाद से पुजारी फरार बताया जा रहा है.

अवैध संबंध हत्या की वजह होने का दावा

पुलिस की शुरुआती जांच में हत्या के पीछे अवैध संबंध की बात सामने आई है. पुलिस के अनुसार, मृतकों में से एक के परिवार की एक महिला से अवैध संबंध को लेकर यह वारदात किए जाने की आशंका है. सूत्रों के मुताबिक, महिला मंदिर के पुजारी की प्रेमिका थी. हालांकि, पुलिस अभी पूरे मामले की जांच कर रही है और हत्या की वास्तविक वजह व इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाया जा रहा है.

पुलिस जांच में जुटी, आरोपी की तलाश जारी

दोनों शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट से भी मौत की वजह और घटना से जुड़े कई महत्वपूर्ण सवालों के जवाब मिलने की उम्मीद है. परिजनों ने आरोपी पुजारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने आरोपी के एनकाउंटर की मांग भी की है.

फिलहाल पुलिस फरार पुजारी की तलाश कर रही है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश में जुटी है कि दोनों दोस्तों की हत्या कैसे की गई और शवों को मंदिर परिसर में छिपाने में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं. पुलिस का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. जांच पूरी होने के बाद ही हत्या की पूरी वजह और आरोपियों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी.

आशीष कुमार मिश्रा

आशीष कुमार मिश्रा

आशीष कुमार मिश्रा की 6 साल से जर्नलिज्म की Journey जारी है. दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र को बनाने में अहम योगदान भारत के राज्यों का है. इन राज्यों से जुड़ी हर खटपट, चाहे राजनीतिक हो या सामाजिक, वो आप तक पहुंचाने में जुटा हुआ हूं.

उत्तर प्रदेश समेत देश के तमाम बड़े राज्यों की सियासत को समझता हूं और बेबाकी से उसे लिखता हूं. जर्नलिज्म की Journey 2017 में न्यूज चैनल समाचार टुडे से स्टार्ट हुई, फिर नेशनल वॉइस के साथ भी काम करने का मौका मिला.

दो न्यूज चैनलों में काम करने के बाद डिजिटल की तरफ में रुख किया. 2018 में पहली बार हैदराबाद में ईटीवी भारत की डिजिटल विंग टीम से जुड़ा. यहां साढ़े 3 साल का समय बिताने के बाद 2021 में दैनिक भास्कर (लखनऊ) की टीम से जुड़ा.

अब यह सफर 2022 से टीवी9 भारतवर्ष के साथ चल रहा है. पत्रकारिता का मैंने ककहरा दैनिक जागरण इंस्टीट्यूट से सीखा. यहीं से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की.

Read More

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button