उत्तर प्रदेशभारत

बरेली में एक्टिव लुटेरी दुल्हन गैंग, शादी के 3 दिन बाद हुई फरार; पति बोला- 70000 कैश और गहने भी ले गई

बरेली में एक्टिव लुटेरी दुल्हन गैंग, शादी के 3 दिन बाद हुई फरार; पति बोला- 70000 कैश और गहने भी ले गई

आरोपी लुटेरी दुल्हन की तलाश में जुटी पुलिस.

प्यार और भरोसे के रिश्ते को ठगी में बदल देने वाला एक हैरान करने वाला मामला बरेली जिले के फरीदपुर से सामने आया है. यहां एक गरीब मजदूर की जिंदगी बसने से पहले ही उजड़ गई. शादी के तीन दिन बाद ही दुल्हन 70 हजार नकदी और गहने लेकर फरार हो गई. पति ने आरोप लगाया कि दुल्हन ने उसे नशीला खाना खिलाकर बेहोश कर दिया और फिर घर लूटकर फरार हो गई. पति ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

प्यार में फंसकर हुई शादी, तीन दिन में टूटा भरोसा

फरीदपुर के विकास नगर देहराइन मोहल्ले में रहने वाले एक मिस्त्री मजदूर की मुलाकात मिनाक्षी नाम की युवती से हुई. उसके बाद दोनों में बातचीत का सिलसिला बढ़ा और दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं. युवती की भाभी अलका ने खुद इस रिश्ते को पक्का कराया और शादी का सारा इंतजाम करवाया. आरोप है कि 26 अक्टूबर को दोनों की शादी हिंदू रीति-रिवाजों के साथ हुई. घर में खुशी का माहौल था.

मजदूर को लगा कि अब उसकी जिंदगी सध जाएगी, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था. शादी के बाद मिनाक्षी ने पति से कहा कि उसे घर खर्च के लिए कुछ पैसे चाहिए. भरोसे में आकर पति ने उसे 70 हजार रुपए नकद दे दिए. शुरुआती दो दिन सब ठीक चलता रहा. दुल्हन घर के कामकाज में हाथ बंटाती और प्यार से बात करती रही. फिर 29 अक्टूबर को नकदी और जेवर लेकर फरार हो गई.

रात को खिलाया नशीला खाना, सुबह सब गायब

पति का आरोप है कि रात में दोनों ने साथ में खाना खाया और सोने चले गए. रात करीब 11 बजे उसकी नींद खुली तो वह यह देखकर दंग रह गया कि उसकी दुल्हन गायब थी. उसने घर में तलाश की तो अलमारी से मंगलसूत्र, चांदी की पायलें, नथ, कानों के कुंडल और 70 हजार नकद भी गायब थे.

पीड़ित का कहना है कि दुल्हन ने खाने में नशीला पदार्थ मिलाया, जिससे वह बेहोश हो गया. होश आने पर उसने तुरंत शोर मचाया और पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही फरीदपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने दुल्हन मिनाक्षी और उसकी भाभी अलका के खिलाफ ठगी और नशीला पदार्थ खिलाकर लूट करने का मामला दर्ज कर लिया है. फिलहाल दोनों महिलाएं फरार हैं.

इलाके में सक्रिय है शादी ठग गैंग’

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कोई पहली वारदात नहीं है. इससे पहले भी इलाके में शादी के नाम पर ठगी के कई मामले सामने आ चुके हैं. लोगों को शक है कि यह किसी गैंग का काम हो सकता है, जो गरीब और भरोसेमंद लोगों को निशाना बनाता है. फरीदपुर थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस टीम आरोपी महिलाओं के ठिकानों की तलाश में दबिश दे रही है. दोनों के मोबाइल नंबर ट्रैक कराए जा रहे हैं. जल्द ही लुटेरी दुल्हन और उसकी साथी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

सबकुछ लुट गया, अब इंसाफ चाहिए- पीड़ित मजदूर

पीड़ित मजदूर पति ने बताया कि उसने अपनी पूरी जमा-पूंजी शादी में खर्च कर दी थी. अब उसके पास न पैसे बचे हैं, न गहने. वह रोजी-मजदूरी करके अपने परिवार का पेट पालता है. उसकी आंखों में आंसू हैं और एक ही बात दोहरा रहा है जिस पर भरोसा किया, वही लूटकर चली गई. अब मुझे इंसाफ चाहिए.

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button