उत्तर प्रदेशभारत

बरेली के मेडिकल कॉलेज में एमडी छात्र के साथ रैगिंग, पीड़ित ने जान देने की कोशिश की, FIR

बरेली के मेडिकल कॉलेज में एमडी छात्र के साथ रैगिंग, पीड़ित ने जान देने की कोशिश की, FIR

श्रीराम मूर्ति मेडिकल कॉलेज

यूपी के बरेली जिले में स्थित श्रीराम मूर्ति मेडिकल कॉलेज में एमडी मेडिसिन प्रथम वर्ष के एक छात्र का कथित रैगिंग और मानसिक उत्पीड़न करने का मामला सामने आया है. छात्र के पिता की तहरीर पर पुलिस ने मेडिकल कॉलेज के प्रशासन, डॉक्टर और सीनियर छात्रों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. पीड़ित छात्र ने मई में परेशान होकर आत्महत्या करने की भी कोशिश की थी.

आरोप है कि एमडी में दाखिला लेने के कुछ समय बाद से छात्र को विभाग के कुछ सीनियर छात्रों द्वारा लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था. छात्र के परिजनों के मुताबिक ड्यूटी के दौरान उसके साथ अभद्र व्यवहार किया जाता था, अपमानजनक टिप्पणियां की जाती थीं, लंबे समय तक ड्यूटी कराई जाती थी और निजी काम भी करवाए जाते थे. इतना ही नहीं, छुट्टी के दिनों में भी उसे बुलाया जाता था, जिससे वह लगातार मानसिक तनाव में रहने लगा.

पीड़ित छात्र ने की थी आत्महत्या की कोशिश

परिवार का आरोप है कि छात्र ने अपनी परेशानियों की जानकारी मेडिकल कॉलेज के जिम्मेदार अधिकारियों को भी दी थी, लेकिन उसकी शिकायतों पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई. इसी मानसिक दबाव और कथित उत्पीड़न से परेशान होकर छात्र ने 2 मई 2026 को मेडिकल कॉलेज की तीसरी मंजिल से कूद कर आत्महत्या करने की भी कोशिश की थी. इस घटना में उसे गंभीर चोटें आईं थी और कई दिनों तक आईसीयू में उसका इलाज चला था.

शिकायत में कई सीनियर छात्रों के नाम भी

परिजनों का कहना है कि घटना के बाद छात्र ने बताया कि कुछ सीनियर छात्रों द्वारा उसके साथ लगातार रैगिंग, मानसिक दबाव और अमानवीय व्यवहार किया जा रहा था. शिकायत में कई छात्रों के नाम भी शामिल किए गए हैं.

पीड़ित के पिता ने भोजीपुरा थाने में डॉ. रितेश गोयल, डॉ. कुशाग्र शर्मा, डॉ. मानस खंडेलवाल, डॉ. लतिका समेत अन्य छात्रों और कॉलेज प्रशासन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है. वहीं इस मामले में बरेली के एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि जनसुनवाई के दौरान शिकायत प्राप्त हुई थी, जिसके बाद एडीएम और एडिशनल एसपी की समिति द्वारा जांच कराई गई.

जांच रिपोर्ट के आधार पर एफआईआर दर्ज की गई है. वहीं, श्रीराम मूर्ति मेडिकल कॉलेज के मीडिया प्रभारी अमित अवस्थी से इस मामले में संपर्क किए जाने पर उन्होंने कहा कि कॉलेज का इस संबंध में कोई आधिकारिक पक्ष नहीं है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

मनवीर सिंह

मनवीर सिंह

मैं मनवीर सिंह 6 साल से पत्रकारिता कर रहा हूं. 5 साल से टीवी9 भारतवर्ष न्यूज चैनल में सेवा दे रहा हूं. इससे पहले आजतक न्यूज चैनल के लिए भी काम किया है. क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरें पसंद हैं.

Read More

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button