‘बजरिया में सबकी नजरिया खराब…’ वॉचमैन की बात सुनकर बना था ये सुपरहिट गाना, आनंद राज आनंद ने सुनाई कहानी

बॉलीवुड में कई गाने ऐसे हैं जो सालों बाद भी लोगों की यादों में ताजा रहते हैं, और ‘अकेली ना बाजार जाया करो’ उन्हीं में से एक है. इस गाने ने रिलीज होते ही लोगों की जुबान पर अपनी जगह बना ली थी. लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि इस गाने के बोल किसी फिल्मी मीटिंग या लिखी हुई स्क्रिप्ट से नहीं, बल्कि एक आम से पल और एक वॉचमैन की कही गई बात से जन्मे थे. संगीतकार और गायक आनंद राज आनंद ने हाल ही में एक इंटरव्यू के दैरान इस गाने के पीछे की कहानी बताई है.
‘अकेली ना बाजार जाया करो’ की इनसाइड स्टोरी
हाल ही में शुभांकर मिश्रा के साथ बातचीत के दौरान संगीतकार और गायक आनंद राज आनंद ने इस सुपरहिट गाने के पीछे का दिलचस्प किस्सा बताया. बातचीत के दौरान शुभांकर मिश्रा ने उनसे सवाल किया कि आखिर ऐसा क्या था, जो आपने ‘अकेली ना बाजार जाया करो’ जैसा गाना लिखा. इस पर आनंद राज आनंद ने जवाब दिया. उन्होंने कहा, ‘होता क्या है न, जब तारीफ की बात आती है तो हर किसी का तारीफ करने का तरीका अलग होता है.’
इसके बाद उन्होंने गाने की असली शुरुआत का खुलासा करते हुए बताया, एक लाइन थी ‘बजरिया में सबकी नजरिया खराब’. ये मैने वॉचमैन के बीच बातचीत के दौरान सुनी थी. बात वो मेरे दिमाग में अटक गई और फिर मैंने उसी लाइन पर मेहनत की और उस लाइन पर आखिरकार ‘अकेली ना बाजार जाया करो’ गाना बनाया.’
‘मेजर साब’ का पॉपुलर गाना है
बता दें, ‘अकेली ना बाजार जाया करो’ साल 1998 में रिलीज हुई फिल्म ‘मेजर साब’ का बेहद पॉपुलर गाना है. इस फिल्म में अजय देवगन और सोनाली बेंद्रे मुख्य भूमिकाओं में नजर आए थे. दोनों की शानदार केमेस्ट्री को भी खूब सराहा गया था.
गाने को मशहूर गायिका अलका याग्निक और उदित नारायण ने अपनी आवाज दी थी, जबकि इसके बोल और संगीत आनंद राज आनंद ने तैयार किए थे. अपने सिंपल बोल और देसी अंदाज की वजह से यह गाना आते ही लोगों को पसंद आ गया और उनके दिलों में बस गया.



