उत्तर प्रदेशभारत

पिता अतीक की मौत, मां शाइस्ता फरार और 2 भाई जेल में… आखिर कौन कर रहा था सबसे छोटे बेटे आबान की देखभाल?

पिता अतीक की मौत, मां शाइस्ता फरार और 2 भाई जेल में... आखिर कौन कर रहा था सबसे छोटे बेटे आबान की देखभाल?

झांसी में सड़क हादसे में आबान की हुई थी मौत.

Aaban Ahmed Death: माफिया अतीक अहमद के परिवार पर एक बार फिर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे आबान अहमद की 6 अगस्त को झांसी में हुए सड़क हादसे में मौत हो गई. हादसा उस समय हुआ, जब वह अपने साथियों के साथ प्रयागराज से झांसी जेल में बंद बड़े भाई अली अहमद से मिलने जा रहा था. हादसे में उसके साथी शाकिर उर्फ सोनू की भी मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. सभी घायलों का इलाज झांसी मेडिकल कॉलेज में चल रहा है.

कैसे हुआ हादसा?

पुलिस के अनुसार, हादसा झांसी के NH-27 पर पुंछ थाना क्षेत्र में हुआ. बताया जा रहा कि कार के सामने अचानक एक जानवर आ गया. उसे बचाने की कोशिश में चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार डिवाइडर से टकरा गई. टक्कर इतनी तेज थी कि कार के परखच्चे उड़ गए. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने आबान और उसके साथी को मृत घोषित कर दिया. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

ये भी पढ़ें- इलाहाबाद हाई कोर्ट से अतीक के बेटे उमर और अली को मिली पैरोल, भाई आबान के जनाजे में होंगे शामिल

कौन कर रहा था आबान की देखभाल?

आबान अहमद की देखभाल उसकी बुआ परवीन अहमद कुरैशी कर रही थीं. फरवरी 2023 में उमेश पाल हत्याकांड के बाद अतीक अहमद, उसकी पत्नी शाइस्ता परवीन और परिवार के अन्य सदस्यों के खिलाफ कार्रवाई शुरू हुई. उस समय नाबालिग होने के कारण आबान और उसके भाई अहजम को प्रयागराज के राजरूपपुर स्थित बाल संरक्षण गृह भेजा गया था.

बुआ को मिली थी कानूनी कस्टडी

अक्टूबर 2023 में बाल कल्याण समिति और अदालत के आदेश के बाद आबान और अहजम को बाल संरक्षण गृह से रिहा कर दिया गया था. इसके बाद दोनों भाइयों की कानूनी कस्टडी उनकी बुआ परवीन अहमद कुरैशी को सौंप दी गई थी. तब से दोनों हटवा स्थित अपनी बुआ के घर पर रह रहे थे. परवीन परिवार के कानूनी और पारिवारिक मामलों की जिम्मेदारी भी संभाल रही थीं.

ये भी पढ़ें-प्रयागराज पहुंचा अतीक के बेटे आबान का शव, आज कसारी-मसारी कब्रिस्तान में होगा सुपुर्द-ए-खाक क्या शाइस्ता भी पहुंचेगी बेटे को अंतिम विदाई देने?

पैरोल के लिए हाई कोर्ट पहुंचीं बुआ

आबान की मौत के बाद परवीन कुरैशी ने इलाहाबाद हाई कोर्ट में याचिका दाखिल कर जेल में बंद अतीक अहमद के बेटों अली अहमद और मोहम्मद उमर को अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए पैरोल देने की मांग की. हाई कोर्ट ने याचिका पर सुनवाई करते हुए दोनों भाइयों को सख्त शर्तों के साथ पैरोल मंजूर कर दी. अदालत ने यह भी निर्देश दिया कि पैरोल के दौरान दोनों मीडिया से बातचीत नहीं करेंगे.

पहले भी परिवार पर टूटा था दुखों का पहाड़

अतीक अहमद के परिवार पर पिछले तीन वर्षों में कई बड़े हादसे हुए हैं. वर्ष 2023 में उमेश पाल हत्याकांड के बाद अतीक के बेटे असद अहमद की झांसी में यूपी STF के साथ मुठभेड़ में मौत हो गई थी. इसके कुछ दिनों बाद प्रयागराज में पुलिस सुरक्षा के बीच अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. वहीं, अतीक की पत्नी शाइस्ता परवीन अब भी फरार है. ऐसे में सबसे छोटे बेटे आबान की सड़क हादसे में मौत ने परिवार को एक और गहरा सदमा दे दिया है. फिलहाल पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

मनीष वर्मा

मनीष वर्मा

मनीष वर्मा 21 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. वो IBN7, न्यूज़ एक्सप्रेस, नेशनल वॉयस, MH-1 न्यूज़ चैनल तथा न्यूज़-ट्रैक , इंडियन ओपिनियन में काम कर चुके हैं. मुख्य रूप से ‘बुंदेलखंड की भूख- अवार्डेड स्टोरी ऑफ IBN7’, चार महाकुम्भ/अर्धकुंभ (2001, 2007, 2013, 2019), महेश योगी समाधि का अंतराष्ट्रीय कार्यक्रम, कुख्यात डकैत ददुआ एनकाउंटर, कुख्यात डकैत ठोकिया द्वारा 7 जवानों की नृशंस हत्या की स्पेशल कवरेज कर चुके हैं.

Read More

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button