उत्तर प्रदेशभारत

नोएडा के चाइल्ड PGI में बड़ा हादसा टला, वार्ड में बेड पर गिरी फॉल सीलिंग, बाल-बाल बचा मासूम

नोएडा के चाइल्ड PGI में बड़ा हादसा टला, वार्ड में बेड पर गिरी फॉल सीलिंग, बाल-बाल बचा मासूम

अस्पताल के बेड पर गिरा छत का हिस्सा, लेटा था मासूम

नोएडा के सेक्टर-30 में मौजूद चाइल्ड पीजीआई अस्पताल में एक बड़ा हादसा टल गया. अस्पताल के एक वार्ड में मरीज के बेड के ऊपर अचानक फॉल सीलिंग का एक हिस्सा टूटकर गिर गया. हादसे के वक्त बेड पर एक बच्चा मौजूद था, जो बाल-बाल बच गया. घटना के बाद वार्ड में अफरा-तफरी मच गई और अस्पताल की बिल्डिंग की गुणवत्ता तथा मरीजों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.

जानकारी के मुताबिक, वार्ड में भर्ती बच्चों के बेड के ऊपर अचानक फॉल सीलिंग के गिरने के दौरान गनीमत रही कि कोई बच्चा, मरीज या तीमारदार इसकी चपेट में नहीं आया. घटना के बाद अस्पताल स्टाफ और मरीजों के परिजनों में हड़कंप मच गया.

अस्पताल की गुणवत्ता पर उठे सवाल

इस घटना ने एक बार फिर सरकारी अस्पतालों की इमारतों की गुणवत्ता और रख-रखाव पर सवाल खड़े कर दिए हैं. अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले मासूम मरीजों की सुरक्षा को लेकर परिजनों ने चिंता जताई है. लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ऐसी कमियों को दूर नहीं किया गया, तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है.

चाइल्ड पीजीआई के निदेशक डॉ. अरुण कुमार सिंह ने बताया कि यह घटना करीब एक सप्ताह पहले की है. उनके अनुसार, छत गिरने की नहीं, बल्कि फॉल सीलिंग का एक हिस्सा टूटकर गिरने की घटना हुई थी. उन्होंने स्पष्ट किया कि हादसे में कोई बच्चा घायल नहीं हुआ है.

मामले का संज्ञान लेते हुए जांच के आदेश दिए गए हैं और यह पता लगाया जा रहा है कि लापरवाही किस स्तर पर हुई है. साथ ही भवन की गुणवत्ता से जुड़ी खामियों को तत्काल दूर करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं.

जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई

अस्पताल प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी अधिकारी, एजेंसी या ठेकेदार की लापरवाही सामने आती है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. साथ ही अस्पताल की अन्य फॉल सीलिंग और भवन की स्थिति का भी निरीक्षण कराया जा रहा है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.

नदीम सैफी

नदीम सैफी

नदीम सैफी पिछले 11 साल से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजनीति व क्राइम की खबरों पर मजबूत पकड़ है. कई टीवी चेन्नल्स में बतौर रिपोर्टर काम कर चुके हैं. कोरोना काल में जब लोग घरों में कैद थे तब सड़कों पर उतरकर लोगों को ग्राउंड जीरो से रूबरू करवाया. नोएडा में एक दैनिक समाचार पत्र से शुरुआत की और R9 टीवी, नवतेज टीवी, प्राइम न्यूज़ व जनतंत्र टीवी में काम का अनुभव लिया. फिलहाल TV9 में बतौर डिजिटल रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं.

Read More

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button