दिल्ली में 2 दिन बारिश… यूपी-बिहार से लेकर पंजाब तक बिगड़ेगा मौसम, हिमाचल-उत्तराखंड में अलर्ट


आज का मौसमImage Credit source: PTI
Aaj Ka Mausam: दक्षिम-पश्चिम मॉनसून देश से वापसी कर रहा है, लेकिन अब भी देश के कई हिस्सों में मूसलाधार बरसात देखने को मिल रही है. कई राज्यों में बारिश के साथ तेज हवाएं भी चल रही हैं. मौसम विभाग की ओर से 15 अक्टूबर को भी बारिश को लेकर पूर्वानुमान जारी किया गया है. आज कई राज्यों में 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा भी चल सकती है. पहाड़ी राज्यो में भी मौसम बिगड़ा हुआ ही रहेगा.
मौसम विभाग के अनुसार, जम्मू के ऊपर, उत्तरी हरियाणा के आसपास और बंगाल की खाड़ी के उत्तर पश्चिम में ऊपरी तरफ चक्रवाती परिसंचरण के रूप में पश्चिमी विक्षोभ की मौजूदगी है. इसलिए मौसम के तेवर तल्ख रहने वाले हैं. देश की राजधानी में आज बादलों का डेरा रह सकता है और मध्यम बरसात हो सकती है. अधिकतम 29 और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. दिल्ली में कल भी आंधी-बारिश देखने को मिल सकती है.
यूपी-बिहार में आंधी-बारिश का अलर्ट
यूपी में मौसम सक्रिय रहने वाला है. आज प्रयागराज, कानपुर, गोरखपुर, बाराबंकी, अयोध्या, वाराणसी, जौनपुर, मेरठ, मथुरा-आगरा, गाजियाबाद और बिजनौर में आंधी के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. बिहार के भी कई जिलों में भीषण बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है. झारखंड के पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.
इन राज्यों में भी होगी बारिश
मध्य प्रदेश के पन्ना, सीधी, उमरिया, सतना, इंदौर, भोपाल, देवास, अलीराजपुर, झाबुआ, श्योपुर और मुरैना में भारी बारिश-आंधी की चेतावनी जारी की गई है. राजस्थान के कई इलाकों में भी मौसम आंधी-बारिश का ही रहने वाला है. पंजाब में कई स्थानों पर बारिश की संभावना है. पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी इलाकों में 17 अक्टूबर तो उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 19 अक्टूबर तक छिटपुट बारिश हो सकती है.
पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में कैसा रहेगा मौसम?
अरुणाचल प्रदेश में 20 अक्टूबर, जबकि असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 18 अक्टूबर तक कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है. केरल व माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कुछ स्थानों पर आज भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भी आज कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है.
पहाड़ी इलाकों में बिगड़ा रहेगा मौसम
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर, सोलन, ऊना, किन्नौर, बिलासपुर, चंबा, कुल्लू और मंडी में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है. उत्तराखंड के सिरमौर, सोलन, ऊना, किन्नौर, बिलासपुर, चंबा, कुल्लू और मंडी में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी है. जम्मू-कश्मीर में भी बारिश की संभावना जताई गई है.
ये भी पढ़ें: राहुल के साथ PC करने वाली NSUI की महिला कार्यकर्ताओं के खिलाफ FIR, पुलिस पर लगाया था मारपीट का आरोप





