उत्तर प्रदेशभारत

डेटा आपका, दर्द आपका और दौलत इनकी… ‘छात्रों की गूंज’ में सरकार पर बरसे राहुल

डेटा आपका, दर्द आपका और दौलत इनकी... 'छात्रों की गूंज' में सरकार पर बरसे राहुल

छात्रों की गूंज कार्यक्रम को संबोधित करते कांग्रेस सांसद राहुल गांधी.

कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शनिवार को प्रयागराज पहुंचे, जहां उन्होंने छात्रों के साथ संवाद किया. ‘छात्रों की गूंज’ नाम से आयोजित इस कार्यक्रम में शिक्षा, रोजगार, बेरोजगारी, पेपर लीक और भर्ती प्रक्रिया में देरी जैसे युवाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा किया. उन्होंने कहा कि छात्र ही भारत के भविष्य हैं और प्यार के साथ लड़ाई करनी है.

उन्होंने कहा कि सभी AI की बात करते हैं, लेकिन आपके डेटा के बिना AI का कोई मतलब नहीं है. डेटा से AI बना सकते हैं, लेकिन AI से डेटा नहीं बना सकते हो. डेटा आपका, यूथ पोटेंशियल आपका, लेकिन सिस्टम ने युवाओं को चक्रव्यूह में फंसा रखा है.

राहुल गांधी ने कहा कि 1000 में से केवल 12 युवाओं को स्थायी नौकरी मिलती है. आपका डेटा छीन लिया जाता है और बड़ी-बड़ी कंपनियोंं को आपका डेटा दिया जाता है. आपको कहा जाता है कि जितनी रील देखनी है, जितना रील बनाना चाहते हो, बनाओ, यह 21वीं सदी का नशा है. युवाओं को इसमें उलझाकर मजदूर बनाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि डेटा आपका, दर्द आपका और दौलत इनकी.

डेटा और युवा क्षमता से होती है देश की तरक्की

राहुल गांधी ने कहा कि इस देश में आप जैसे 40 करोड़ ऊर्जावान युवा हैं; यही देश की ताकत है. लोग चीन, अमेरिका और रूस की बात करते हैं, लेकिन 21वीं सदी में भारत के युवाओं और उनकी क्षमता के सामने वे सब फीके पड़ जाते हैं. 21वीं सदी में किसी देश की तरक्की दो चीजों पर निर्भर करती है—आपकी युवा क्षमता और आपके द्वारा बनाया गया डेटा.

उन्होंने कहा कि भारत के पास युवा भी हैं और दुनिया में सबसे ज्यादा डेटा भी. हर भारतीय रोज़ाना एक गीगाबाइट डेटा इस्तेमाल करता है; भविष्य की तरक्की इसी डेटा और आपकी क्षमता से होगी. युवा और डेटा मिलकर ही 21वीं सदी की अर्थव्यवस्था बनाते हैं.

नफरत नहीं, मोहब्बत के साथ युवाओं ने रखी आवाज

यह कार्यक्रम कांग्रेस की ओर से युवाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की कोशिश के बीच आयोजित किया गया. पार्टी लगातार बेरोजगारी, प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और सरकारी भर्तियों में देरी को लेकर सरकार पर सवाल उठाती रही है.

उन्होंने कहा कि हर संस्था में प्रचारक, मीडिया में प्रचारक, यूनिवर्सिटी और कॉलेजों में प्रचारक, सोच में कंट्रोल करने का तरीका है. राहुल गांधी ने कहा कि हिंदुस्तान के युवाओं ने डर का सामना किया और देश को बदल दिया. आपने अपनी आवाज रखी, नफरत के साथ नहीं, मोहब्बत के साथ अपनी आवाज रखी.

उन्होंने कहा कि हम नफरत और हिंसा से कभी काम नहीं करेंगे. हिंदुस्तान के कल्चर सत्य और अहिंसा का है. नफरत का नहीं है. एक भी छात्र के दिल में नफरत नहीं होनी चाहिए. नफरत नहीं करनी, सिस्टम बदलना है. प्यार और मोहब्बत है. सिस्टम को खत्म, टाटा और बॉय-बॉय करना है.

छात्रों के भविष्य के संघर्ष जारी रखेगी कांग्रेस

कांग्रेस ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कार्यक्रम को लेकर कहा कि पार्टी हर छात्र के भविष्य के लिए संघर्ष जारी रखेगी. पार्टी ने कहा कि छात्रों की गूंज प्रयागराज से ऐसी आवाज उठाने का मंच है, जिसकी गूंज पूरे देश में सुनाई देगी.

ये भी पढ़ें-महिला आरक्षण बिल परराहुल गांधीने किरेन रिजिजू को घेरा

कुमार विक्रांत

कुमार विक्रांत

टीवी9 भारतवर्ष में नेशनल अफेयर्स एडिटर हैं. इससे पहले आजतक, एनडीटीवी और ईटीवी में सेवाएं दे चुके हैं. फ़िल्म, संगीत और खेलों का शौक.

Read More

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button