खेल

टी20 वर्ल्ड कप से पहले बाबर आजम और शाहीन अफरीदी की हुई पाकिस्तान टीम में वापसी, PCB ने किया स्क्वॉड का एलान

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने स्क्वॉड का एलान कर दिया है. पूर्व कप्तान बाबर आजम और तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी की वापसी हुई है, जो श्रीलंका के खिलाफ टी 20 सीरीज में नहीं खेले थे. टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले होने वाली ये सीरीज दोनों टीमों के लिए महत्वपूर्ण है. ऑस्ट्रेलिया खुद को एशियाई माहौल और पिचों के अनुरूप ढालेगा और पाकिस्तान अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देगा.

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अभी तक टी20 वर्ल्ड कप के लिए टीम का एलान नहीं किया है, लेकिन पूरी संभावना है कि बाबर आजम की वापसी होगी. बता दें कि पीसीबी ने पिछले साल एशिया कप के लिए बाबर को नहीं चुना था. बाबर अभी बिग बैश लीग में खेल रहे थे, वह टूर्नामेंट छोड़कर पाकिस्तान लौट आए हैं. शाहीन को बीबीएल में चोट लगी थी, जिस कारण वह भी श्रीलंका के खिलाफ टी20 सीरीज में नहीं खेले थे.

बाबर और अफरीदी के साथ टीम में शादाब खान को भी शामिल किया गया है, जिनकी 6 महीने बाद नेशनल टीम में वापसी हुई है. शादाब के आने से पाकिस्तान की स्पिन गेंदबाजी यूनिट को मजबूती मिलेगी, जिसमें उनके साथ अबरार अहमद, मोहम्मद नवाज और उस्मान तारिक भी हैं.

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पाकिस्तान का टी20 स्क्वॉड

सलमान अली आगा (कप्तान), अबरार अहमद, बाबर आजम, फहीम अशरफ, फखर जमान, ख्वाजा मोहम्मद नफे, मोहम्मद नवाज, मोहम्मद सलमान मिर्जा, मोहम्मद वसीम जूनियर, नसीम शाह, साहिबजादा फरहान, सईम अयूब, शाहीन शाह अफरीदी, शादाब खान, उस्मान खान और उस्मान तारिक.

पाकिस्तान बनाम ऑस्ट्रेलिया टी20 शेड्यूल

  • पहला टी20: 21 जनवरी (गुरुवार)- लाहौर
  • दूसरा टी20: 31 जनवरी (शनिवार)- लाहौर
  • तीसरा टी20: 1 फरवरी (रविवार)- लाहौर

टी20 वर्ल्ड कप 2026 की बात करें तो पाकिस्तान ने अभी अपने स्क्वॉड का एलान नहीं किया है, लेकिन संभावना है कि उसमें भी यही टीम होगी. पाकिस्तान ग्रुप ए में है, जिसमें भारत, नामीबिया, नीदरलैंड और अमेरिका है. पाकिस्तान टीम के सभी मैच श्रीलंका में होंगे. अगर टीम सेमीफाइनल या फाइनल तक पहुंची तो वो मैच भी श्रीलंका में होंगे, नहीं तो भारत में खेले जाएंगे.

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button