उत्तर प्रदेशभारत

चित्रकूट में नवरात्रि के पहले दिन भीषण हादसा… नदी में गिरी मैहर जा रहे श्रद्धालुओं की कार, 2 की मौत

चित्रकूट में नवरात्रि के पहले दिन भीषण हादसा… नदी में गिरी मैहर जा रहे श्रद्धालुओं की कार, 2 की मौत

नदी से निकाली गई गाड़ी

चित्रकूट में नवरात्रि के पहले दिन रविवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में दो श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. कानपुर से मैहर स्थित मां शारदा के दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं से भरी बोलेरो अनियंत्रित होकर झूरी नदी में जा गिरी. हादसा इतना भयावह था कि वाहन सुरक्षा रेलिंग तोड़ते हुए सीधे नदी में जा समाया. दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची. क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो को नदी से बाहर निकाला गया.

जानकारी के अनुसार, दुर्घटना रविवार तड़के करीब तीन बजे की बताई जा रही है. कानपुर से श्रद्धालुओं को लेकर बोलेरो मैहर की ओर जा रही थी. इसी दौरान चित्रकूट में झूरी नदी के पास चालक को झपकी आ गई, जिससे तेज रफ्तार वाहन अनियंत्रित हो गया. बोलेरो सड़क किनारे लगी सुरक्षा रेलिंग को तोड़ते हुए नदी में गिर गई. हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई. अंधेरे के बावजूद सड़क से गुजर रहे तीर्थयात्रियों और स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए नदी में उतरकर वाहन में फंसे लोगों को बचाने का प्रयास शुरू किया. उनकी तत्परता से राहत एवं बचाव कार्य में मदद मिली.

दो श्रद्धालुओं ने अस्पताल में तोड़ा दम

चित्रकूट टीआई नीलेश तिवारी ने फोन पर घटना की जानकारी देते हुए बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही डायल 112 और स्थानीय पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची. राहगीरों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को जानकी कुंड अस्पताल पहुंचाया गया. वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दो श्रद्धालुओं को मृत घोषित कर दिया. मृतकों की पहचान सुनील गुप्ता (50 वर्ष), निवासी द्विवेदी नगर, कानपुर और हिमांशु सिंह सेंगर (30 वर्ष), निवासी गंगापुर कॉलोनी, कानपुर के रूप में हुई है. दोनों की मौत से उनके परिजनों में शोक का माहौल है.

चार घायलों का उपचार जारी

हादसे में घायल चार अन्य श्रद्धालुओं की पहचान राजकुमार गुप्ता (37 वर्ष), निवासी हमीरपुर, गोपाल तिवारी (42 वर्ष), दीपक तिवारी (35 वर्ष) और राहुल पांडे (35 वर्ष), निवासी कानपुर के रूप में हुई है. सभी का अस्पताल में उपचार जारी है. इनमें से दो घायलों की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है. पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. साथ ही संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है.

रिपोर्ट- फारूख/सतना

आशू मोहम्मद

आशू मोहम्मद

राजनीति से जुड़ी खबरों में दिलचस्पी, नई चीजों को पढ़ने और सीखने की ललख, पाठकों के सामने सरल भाषा व शब्दों में देश दुनिया से जुड़ी खबरों को परोसने का काम टीवी9 के साथ जारी है. वहीं अगर इससे पहले की बात की जाए तो कानपुर में जन्मे आशू मोहम्मद ने साइंस से ग्रेजुएशन करने के बाद कानपुर यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर, टीवी9 भारतवर्ष से 2022 में करियर की शुरुआत की.

डिजिटल मीडिया में करीब एक साल का अनुभव, अभी तक यह सिलसिला टीवी9 भारतवर्ष के साथ जारी है.  डिजिटल मीडिया की दुनिया में लिखने-पढ़ने, साथ ही ‘न्यू मीडिया’ की बारीकियों और चुनौतियों को समझने की कोशिश जारी है.

Read More

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button