उत्तर प्रदेशभारत

गाजियाबाद में धू-धू कर जली इलेक्ट्रिक कार, चार्जिंग के दौरान लगी आग, बिल्डिंग में फंसे 17 लोग

गाजियाबाद में धू-धू कर जली इलेक्ट्रिक कार, चार्जिंग के दौरान लगी आग, बिल्डिंग में फंसे 17 लोग


गाजियाबाद में धू-धू कर जली इलेक्ट्रिक कार

Ghaziabad electric car fire: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के सूर्य नगर में एक बिल्डिंग के नीचे खड़ी कार में भीषण आग लग गई. गाड़ी बिल्डिंग की सीढ़ियों के पास खड़ी थी, इस वजह से 17 लोग मकान के अंदर ही फंस गए. तत्काल घटना की सूचना दमकल विभाग को दी गई. मौके पर पहुंचकर दमकल की टीम ने आग पर काबू पा लिया.

आग इतनी तेजी से फैली कि बिल्डिंग में मौजूद करीब 15 से 17 लोगों की जान खतरे में पड़ गई. पूरी बिल्डिंग में धुआं भर गया और लोग अपने घरों में फंस गए. हालांकि समय रहते फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई और आग पर काबू पा लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया.

आग से लोगों में दहशत

बिल्डिंग की स्टिल्ट पार्किंग में एक ई-व्हीकल चार्जिंग पर लगा हुआ था. देर रात अचानक कार से धुआं निकलना शुरू हुआ और देखते ही देखते उसमें भीषण आग लग गई. आग पार्किंग के ठीक उस हिस्से में लगी थी जहां से बिल्डिंग की सीढ़ियां ऊपर जाती थीं. ऐसे में आग और धुएं की वजह से लोगों का नीचे उतरना पूरी तरह बंद हो गया.

बिल्डिंग में रहने वाले लोग जान बचाने के लिए घबरा गए. कई परिवारों ने अपने बच्चों और बुजुर्गों को लेकर पड़ोसी इमारतों की छतों के जरिए बाहर निकलने की कोशिश की. कुछ लोग छत से दूसरी बिल्डिंग में पहुंचे और वहां से सुरक्षित बाहर निकाले गए. मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि कुछ देर के लिए हालात इतने खराब हो गए थे कि लोगों को लगा अब बाहर निकल पाना मुश्किल हो जाएगा.

फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची. दमकल कर्मियों ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और सबसे पहले आग की लपटों को नियंत्रित करने का प्रयास किया. आग लगने की वजह से पार्किंग का रास्ता पूरी तरह बंद हो चुका था, जिससे राहत कार्य में भी परेशानी आई. बावजूद इसके फायर टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया.

चीफ फायर ऑफिसर राहुल पाल ने बताया कि देर रात कंट्रोल रूम को आग लगने की सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके के लिए रवाना कर दी गई थीं. जब टीम वहां पहुंची तो देखा कि एक इलेक्ट्रिक वाहन में आग लगी हुई थी और धुआं पूरी बिल्डिंग में फैल रहा था. फायर कर्मियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आग बुझाई और लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला.

संजीव शर्मा, ग़ाज़ियाबाद

संजीव शर्मा, ग़ाज़ियाबाद

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button