कैलाश खेर राजस्थान की डिप्टी सीएम को सिखा चुके हैं संगीत, यादें हुईं ताजा

‘सवाई जयपुर अवॉर्ड्स 2026’ में मशहूर सिंगर कैलाश खेर को सम्मानित किया गया. इस समारोह का आयोजन जयपुर के सिटी पैलेस में हुआ था. यहां कैलाश खेर को थिएटर, फिल्म और टेलीविजन के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए ‘एचएच महाराजा सवाई माधो सिंह द्वितीय अवॉर्ड’ दिया गया.
सिटी पैलेस में सम्मान मिला तो क्या बोले कैलाश खेर?
कैलाश खेर ने बताया कि सिटी पैलेस में सम्मान मिलना उनके लिए अपने घर जैसा है. उन्होंने इस मौके पर अपने मशहूर गाने ‘तेरी दीवानी’ की कुछ पंक्तियां भी गाकर सुनाईं. इस समारोह के दौरान कैलाश खेर ने जयपुर से जुड़ी अपनी कुछ खास यादें साझा की. उन्होंने अपने सैयां गाने की शूटिंग से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा भी सुनाया.
कैलाश ने सैयां का जिक्र करते हुए कहा, ‘इस गाने की शूटिंग भी सिटी पैलेस के उसी स्थान पर हुई थी, जहां ये समारोह आयोजित किया गया.’ ऐसे इस जगह पर दोबारा आना उनके लिए पुरानी यादें ताजा करने जैसा रहा.’
दीया कुमारी को भी संगीत सिखा चुके हैं कैलाश खेर
इस समारोह में कैलाश खेर और राजस्थान की उप-मुख्यमंत्री दीया कुमारी से जुड़ा एक पुराना किस्सा भी सामने आया. दीया कुमारी की मां और राजमाता पद्मिनी देवी ने बताया, ‘मैं कैलाश खेर के शुरुआती दौर के गायन से प्रभावित थी. इसके बाद मैंने दीया कुमारी को संगीत सीखने की जिम्मेदारी कैलाश को सौंपी थी.’
25 श्रेणियों में दिए गए पुरस्कार
‘सवाई जयपुर अवॉर्ड्स 2026’ का आयोजन एमएसएमएस द्वितीय म्यूजियम ट्रस्ट ने किया. ये कार्यक्रम हिज हाइनेस ब्रिगेडियर महाराजा सवाई भवानी सिंह, एमवीसी ऑफ जयपुर की जयंती के मौके पर हुआ.
इस समारोह में सामाजिक सेवा, संस्कृति, चिकित्सा, पर्यावरण, विज्ञान, साहित्य, कला, खेल, उद्योग और हेरिटेज संरक्षण समेत 25 श्रेणियों में पुरस्कार दिए गए. कार्यक्रम में राजमाता पद्मिनी देवी, दीया कुमारी, महाराजा सवाई पद्मनाभ सिंह और राजकुमारी गौरवी कुमारी भी मौजूद रहे.

कैलाश खेर के फेमस गाने
कैलाश खेर के हिट गानों को गिनना मुमकिन नहीं है. जो भी उन्हें गाता हुआ सुनता है, उनके गायन का कायल हो जाता है. उनके कई गाने सदाबहार हैं. इसमें अल्लाह के बंदे, तेरी दीवानी, सैयां, या रब्बा, चांद सिफारिश, रब्बा इश्क़ ना होवे, बम लहरी जैसे गाने शामिल हैं.



