भारत

‘किसी को नहीं बख्शेंगे…’, पेपर लीक बिल पास होने पर अमित शाह का पहला रिएक्शन

लोकसभा से एंटी पेपर लीक संसोधन बिल पास होने पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भारत के छात्रों को बधाई दी है. उन्होंने कहा कि इस बिल में ऐसे कई कड़े प्रावधान हैं जो युवाओं को सपनों की रक्षा करेगा. एक्स पर पोस्ट कर गृह मंत्री अमित शाह ने लिखा, ‘यह विधेयक सार्वजनिक परीक्षाओं की पवित्रता को भंग करने की हिम्मत करने वालों के लिए सबसे कठोर सजा के कड़े प्रावधान करके हमारे युवाओं के सपनों और आकांक्षाओं की रक्षा करता है.’

किसी को नहीं बख्शेगी सरकार: अमित शाह

उन्होंने कहा, ‘मोदी सरकार हमारे छात्रों के भविष्य को खतरे में डालने की कोशिश करने वाले किसी भी व्यक्ति को नहीं बख्शेगी. हमारी सरकार यह सुनिश्चित करने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी कि उन्हें कानून की पूरी सख्ती का सामना करना पड़े.’

लोकसभा में बुधवार को पब्लिक एग्जामिनेशन (प्रिवेंशन ऑफ अनफेयर मीन्स) संशोधन विधेयक, 2026 ध्वनिमत से पारित हो गया. साथ ही, विधेयक पर लंबी चर्चा के बाद सदन की कार्यवाही गुरुवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई. विधेयक पर चर्चा के दौरान केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने विपक्ष, विशेषकर लोकसभा में विपक्ष के नेता के रवैये पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि इतने महत्वपूर्ण विधेयक पर सार्थक सुझाव देने के बजाय विपक्ष इस मुद्दे का राजनीतिकरण कर रहा है.

राहुल गांधी का अमित शाह पर बड़ा आरोप

दिल्ली में छात्रों के आंदोलन, कथित पुलिस कार्रवाई और देश में पेपर लीक के मुद्दे को लेकर बुधवार (29 जुलाई) को लोकसभा में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली. लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की ओर से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर लगाए गए आरोपों के बाद घमासान तेज हो गया. विपक्षी दलों के नेताओं ने दिल्ली पुलिस की कार्रवाई को लेकर गृह मंत्रालय को कटघरे में खड़ा किया और सरकार से जवाब देने की मांग की.

राहुल गांधी ने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह को यह स्पष्टीकरण देना चाहिए कि उन्होंने प्रदर्शनकारी छात्रों पर गोली चलाने का आदेश दिया था या नहीं दिया था. उन्होंने सदन में अमित शाह को लेकर गंभीर आरोप लगाया जिसके कारण सत्तापक्ष के सदस्यों ने तीखा विरोध किया और उनसे माफी की मांग की. हालांकि अमित शाह को लेकर दिए गए बयानों को लोकसभा की कार्यवाही से हटा दिया गया है.

ये भी पढ़ें : ‘गृह मंत्री नहीं मजिस्ट्रेट देता आदेश’, राहुल के आरोपों पर BJP की प्रेस कॉन्फ्रेंस

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button