उत्तर प्रदेशभारत

एग्जाम देकर बाहर निकला स्टूडेंट, हमलावरों ने मारी गोली… सहारनपुर में बीफार्मा स्टूडेंट की हत्या

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. एक कॉलेज से एग्जाम देने के बाद बाहर निकल रहे छात्रों पर कार सवार युवकों ने हमला कर दिया. छात्रों के ऊपर हुए इस हमले को देखकर कुछ अन्य छात्र दौड़े तो हमलावर भागने लगे. भागते हुए हमलवारों ने छात्रों पर फायरिंग की, जिसमें एक छात्र की गोली लगने से मौत हो गई. जबकि दूसरा छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल छात्र को इलाज के लिए सहारनपुर जिला अस्पताल के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है. घटना की जानकारी मिलने के बाद भीम आर्मी और कांग्रेस नेता मौके पर पहुंचे और कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए.

घटना नागल थाना इलाके की है. जानकारी के अनुसार, आर्यन और आशुतोष नाम के दो बी-फार्मा के छात्र आज एग्जाम देने कालेज पहुंचे थे. दोपहर साढ़े बारह बजे एग्जाम खत्म होने के बाद जैसे ही दोनों कालेज गेट पर आए, तो वहां पहले से ही एक कार में मौजूद कुछ युवकों ने आर्यन और आशुतोष को पकड़ लिया. उनके साथ मारपीट करने लगे. आर्यन और आशुतोष के साथ हो रही मारपीट को देखकर कुछ अन्य छात्र जब उसको बचाने के लिए दौड़े तो हमलावर फरार होने लगे.

फायरिंग में एक छात्र की मौत

आरोपियों ने भागने के दौरान फायरिंग कर दी, जिसमें गोली आशुतोष के माथे पर लगी और वो वहीं लड़खड़ाकर जमीन पर गिर गया. जबकि आर्यन गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना को अंजाम देने के बाद सभी हमलावर गाड़ी से ही फरार हो गए दोनों घायलों को सहारनपुर जिला अस्पताल पहुंचाया गया. जहां आशुतोष ने दम तोड़ दिया. जबकि आर्यन की हालत गंभीर बनी हुई है. मृतक आशुतोष शामली के थाना भवन इलाके का रहने वाला है जो सहारनपुर में ही अपने रिश्तेदार के यहां रहकर पढ़ रहा था. वहीं घायल आर्यन सहारनपुर का ही निवासी है.

घटना से मचा हड़कंप

दिन दहाड़े हुई इस घटना से पूरे जिले में हड़कंप मच गया. जानकारी मिलने के बाद आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली. पुलिस अधिकारियों ने स्कूल के छात्रों के साथ-साथ स्टाफ से भी पूछताछ की. छात्रों ने कहा कि कालेज गेट के बाहर गार्ड के आलावा एक पुलिस कर्मी भी था, जो घटना को देखकर वहां से भाग खड़ा हुआ. घटना के बाद छात्रों में डर का माहौल बना हुआ है. छात्रों का कहना है कि कालेज जाते हुए डर लग रहा है. परसो एग्जाम है पुलिस हमें सुरक्षा का भरोसा दिलाए.

पुलिस जांच में जुटी

घटना की जानकारी मिलते ही कांग्रेस नेता पूर्व मंत्री शयान मसूद और भीम आर्मी नेता प्रवीण गौतम जिला अस्पताल पहुंचे. घटना की निंदा करते हुए कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए. वहीं एसपी देहात सागर जैन ने कहा कि घटना के खुलासे के लिए टीम का गठन किया गया है. हमलवार भी छात्र बताए जा रहे हैं जो कि स्कूल ड्रेस में थे. घायल छात्र के होश में आने पर उससे भी बातचीत कर जानकारी की जाएगी. घटना के पीछे कोई रंजिश है या कुछ और पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है.



Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button