आंखों में डाला मिर्ची पाउडर, दबा दिया गला… भाई ने हत्या कर घरवालों से कहा लाश उठा ले जाओ | Bareilly crime news young man murdered by his cousin put chilli powder in his eyes and strangled stwma

घटनास्थल पर जांच करती बरेली पुलिस.
उत्तर प्रदेश के बरेली में सनसनीखेज मामला सामने आया है. जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र में चचेरे भाई ने युवक की बेरहमी से हत्या कर दी. आरोपी ने साथियों के साथ मिलकर पहले उसकी आंखों में मिर्ची पाउडर डाला, फिर उसे जमीन पर गिराकर पीटा. बाद में उसका गला दबाकर हत्या कर दी. इतना ही नहीं बेखौफ आरोपी ने मृतक के परिजनों ने फोन करके हत्या की जानकारी दी और लाश उठाकर ले जाने को कहा.
मृतक युवक की हाल ही में शादी होने वाली थी. उसका आरोपी की बहन से भी प्रेम प्रसंग था. इसी से नाराज होकर उसने युवक की हत्या कर दी. घटना की जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंची. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मृतक के परिजनों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है. युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है.
आंखों में डाला मिर्ची पाउडर, गला दबाकर की हत्या
मामला बरेली के मीरगंज थाना क्षेत्र के रैयानगला गांव का है. यहां के रहने वाला 20 वर्षीय मोइन की उसके चचेरे भाई ने हत्या कर दी. मृतक के परिजनों के मुताबिक, मोइन खाना खाने के बाद घर से बाहर टहल रहा था. तभी आरिश उर्फ छोटू, सैफ अली, अरशद अली और इशरत उर्फ बब्बू ने उसे घेर कर मार डाला. उन्होंने बताया कि आरोपियों ने मोइन की आंखों में मिर्ची पाउडर डाला जिससे उसे दिखना बंद हो गया.
फिर सभी ने मिलकर उसे पीटा. बाद में उसका गला दबाकर हत्या कर दी. आरोपियों ने इसके घर फोन करके लाश उठा ले जाने को कहा. जब घर वाले वहां पहुंचे तो मोइन पड़ा हुआ था. वे उसे उठाकर जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
13 अक्टूबर को होनी थी शादी
मृतक के परिवार वालों ने बताया कि मोइन की 13 अक्टूबर को शादी होनी थी. उसका रिश्ता फरीदपुर के गांव बेहरा में तय हुआ था. वहीं मोइन का आरोपियों की बहन से प्रेम प्रसंग चल रहा था. प्रेमिका के भाई ने मोइन से उससे निकाह करने की बात कही थी. लेकिन उसने साफ इनकार कर दिया था. इसी वजह से इनमें रंजिश शुरू हो गई थी. बरेली एसपी मानुष पारीक ने जानकारी देते हुए बताया कि युवक की आंख में लाल मिर्च का पाउडर डाल गला दबाकर हत्या की गई है. चार आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए चार टीम गठित की हैं. जल्दी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा.
