अमेरिका में लाखों डॉलर की धोखाधड़ी करना पड़ा भारतीय मूल के डॉक्टर को भारी, मिली 14 साल कैद की सजा

अमेरिका में भारतीय मूल के एक डॉक्टर को स्वास्थ्य सेवा फर्जीवाड़ा, इलेक्ट्रानिक्स संचार माध्यमों से धोखाधड़ी और नियंत्रित पदार्थों के अवैध वितरण की साजिश रचने और धन शोधन से संबंधित अपराधों को लेकर 168 माह यानी 14 साल की कैद की सजा सुनाई गई है. अमेरिका के न्याय विभाग ने शुक्रवार (26 सितंबर, 2025) को इस संबंध में बयान जारी कर जानकारी दी.
अमेरिका के न्याय विभाग ने अपने जारी किए गए बयान में कहा कि पेंसिलवेनिया में बेंसलेम के 48 वर्षीय डॉक्टर नील के. आनंद को 20 लाख अमेरिकी डॉलर से ज्यादा की क्षतिपूर्ति और 20 लाख अमेरिकी डॉलर से ज्यादा की जब्ती का भी आदेश दिया गया है.
अमेरिकी न्याय विभाग ने अपने बयान में क्या कहा?
दरअसल, आनंद को इस साल अप्रैल महीने में मेडिकेयर, अमेरिकी कार्मिक प्रबंधन कार्यालय (OPM), इंडिपेंडेंस ब्लू क्रॉस (IBC) और अन्य में अनावश्यक दवाओं संबंधित दावे प्रस्तुत करने की साजिश रचने का दोषी ठहराया गया था. न्याय विभाग के मंगलवार (23 सितंबर, 2025) के बयान में कहा गया है कि ये दवाएं आनंद के स्वामित्व वाली विभिन्न फार्मेसी की ओर से मरीजों को दी जाती थीं.
बयान में कहा गया, ‘कुल मिलाकर, मेडिकेयर, OPM, IBC और एंथम ने 24 लाख अमेरिकी डॉलर से ज्यादा की प्रतिपूर्ति की. मरीजों को उत्पाद के साथ मिलने वाले तोहफे लेने के लिए लुभाने के लिए आनंद ने चिकित्सा पद्धति के सामान्य चलन से हटकर और बिना किसी जायज चिकित्सीय उद्देश्य के ऑक्सीकोडोन वितरित करने की भी साजिश रची.’
9 मरीजों के लिए डॉक्टर ने 20,850 ऑक्सीकोडोन गोलियां का दिया था सुझाव
बयान के मुताबिक, षड्यंत्र के तहत बिना लाइसेंस वाले मेडिकल प्रशिक्षु ने आनंद की ओर से पूर्व-हस्ताक्षरित खाली पर्चियों पर नियंत्रित पदार्थों के लिए नुस्खे लिखे. विभाग ने कहा कि योजना के तहत, आनंद ने नौ अलग-अलग मरीजों के लिए 20,850 ऑक्सीकोडोन गोलियां लिखीं, लेकिन जब उसे पता चला कि उसके खिलाफ जांच चल रही है, तो आनंद ने एक रिश्तेदार के नाम पर और एक नाबालिग रिश्तेदार के लाभ के लिए एक खाते में लगभग 12 लाख अमेरिकी डॉलर ट्रांसफर करके धोखाधड़ी वाली आय को छुपा लिया.’ बता दें कि ऑक्सीकोडोन भीषण दर्द उठने पर उसे कम करने के लिए दी जाने वाली दवा है.
यह भी पढ़ेंः ट्रंप के दवाओं पर 100 परसेंट टैरिफ को लेकर विदेश मंत्रालय का पहला रिएक्शन, ‘कल नोटिस मिला, अब…’



