उत्तर प्रदेशभारत

अखिलेश की हर बात का जवाब देना उचित नहीं, जालौन में बोले यूपी BJP चीफ पंकज चौधरी

अखिलेश की हर बात का जवाब देना उचित नहीं, जालौन में बोले यूपी BJP चीफ पंकज चौधरी

बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरी. (फाइल फोटो)

उत्तर प्रदेश बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने जालौन के कोंच में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि 2017 से बड़ी जीत 2027 में हासिल करनी है, इसीलिए सभी कार्यकर्ता एकजुट हो जाएं. साथ ही उन्होंने पंचायत चुनाव, राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी और नीट पेपर लीक जैसे मुद्दों पर विपक्ष के आरोपों का जवाब दिया. हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि सपा मुखिया अखिलेश यादव की हर बात का जवाब देना उचित नहीं है.

उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव कराना निर्वाचन आयोग का कार्य है, राम मंदिर से किसी प्रकार का चढ़ावा चोरी नहीं हुआ है और नीट मामले में सरकार ने जांच समिति गठित कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है. वहीं संगठन को मजबूत करने का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि बीजेपी 2027 के विधानसभा चुनाव में साल 2017 से भी बड़ी जीत हासिल करेगी.

पार्टी के राष्ट्रीय और वरिष्ठ नेतृत्व के आभारी

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पंकज चौधरी ने कहा कि वह पार्टी के राष्ट्रीय और वरिष्ठ नेतृत्व के आभारी हैं, जिन्होंने एक साधारण कार्यकर्ता को देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी सौंपी. उन्होंने कहा कि उनकी राजनीतिक यात्रा कार्यकर्ताओं की बदौलत आगे बढ़ी है और उनकी हर चुनावी जीत के पीछे बीजेपी कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण रहा है.

बीजेपी की असली ताकत उसके कार्यकर्ता

उन्होंने कहा कि बीजेपी की असली ताकत उसके कार्यकर्ता हैं. कार्यकर्ता मजबूत होगा तो संगठन और पार्टी भी मजबूत होगी. साल 2027 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी को ऐतिहासिक जीत दिलाने की जिम्मेदारी भी कार्यकर्ताओं के कंधों पर है. उन्होंने कहा कि वह स्वयं को आज भी एक कार्यकर्ता मानते हैं और वर्ष 1991 से लगातार चुनाव जीतते आ रहे हैं, लेकिन उन्हें कभी यह भ्रम नहीं रहा कि उन्होंने अपने दम पर चुनाव जीते हैं.

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बीजेपी एक संगठनात्मक और अनुशासित पार्टी है. सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता का दायित्व है. जब तक जनता को योजनाओं की जानकारी नहीं होगी, तब तक विकास कार्यों का वास्तविक लाभ समाज तक नहीं पहुंच पाएगा.

आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होने की सलाह

उन्होंने कार्यकर्ताओं को आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होने की सलाह देते हुए कहा कि व्यक्तिगत खींचतान से संगठन को नुकसान पहुंचता है. आगामी चुनावों को देखते हुए सभी कार्यकर्ताओं को मिलकर काम करना चाहिए. उन्होंने कहा कि यदि संगठन एकजुट रहेगा तो 2027 में बीजेपी की सरकार बनने से कोई नहीं रोक सकता.

2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य तभी पूरा होगा, जब केंद्र और प्रदेश में बीजेपी की सरकारें लगातार मजबूत बनी रहेंगी. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के सबसे लंबे समय तक कार्य करने वाले प्रधानमंत्रियों में शामिल होने जा रहे हैं, जो देश और बीजेपी कार्यकर्ताओं के लिए गर्व का विषय है.

चुनाव कराना निर्वाचन आयोग का अधिकार क्षेत्र

पत्रकारों से बातचीत के दौरान पंचायत चुनाव में देरी के सवाल पर उन्होंने कहा कि चुनाव कराना निर्वाचन आयोग का अधिकार क्षेत्र है और बीजेपी हमेशा चुनाव के लिए तैयार रहती है.

राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी का दावा गलत

सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव द्वारा दावा किया गया कि राम मंदिर में चढ़ावे की सात करोड़ रुपए की चोरी हुई है, इन आरोपों पर उन्होंने कहा कि मंदिर से किसी प्रकार की चोरी नहीं हुई है और इस संबंध में मंदिर ट्रस्ट एवं प्रशासन ही अधिकृत रूप से जानकारी देगा. वहीं नीट पेपर लीक मामले पर उन्होंने कहा कि सरकार ने तत्काल संज्ञान लेते हुए जांच समिति गठित कर दी है तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.

रिपोर्ट: अनुज कौशिक

TV9 Bharatvarsh

TV9 Bharatvarsh

टीवी9 भारतवर्ष डिजिटल TV9 नेटवर्क का प्रमुख हिंदी न्यूज़ प्लेटफॉर्म है. इस वेबसाइट पर देश-विदेश की ताज़ा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़, विश्लेषण और ग्राउंड रिपोर्टिंग से पाठकों को रूबरू कराया जाता है. टीवी9 की वेबसाइट tv9hindi.com प्रमुख हिंदी वेबसाइटों में अपना स्थान रखती है. टीवी9 हिंदी का अपना मोबाइल ऐप भी है, जहां टेक्स्ट और वीडियो दोनों माध्यम से खबरें पढ़ीं और देखी जा सकती हैं. टीवी9 वेबसाइट पर राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन, स्वास्थ्य, टेक और अंतरराष्ट्रीय मामलों जैसी विविध श्रेणियों में खबरें कवर की जाती हैं. यहां एक्सप्लेनर्स, एक्सक्लूसिव स्टोरीज, वीडियो रिपोर्ट्स और लाइव अपडेट्स मिलते हैं. TV9 नेटवर्क का डिजिटल सेगमेंट तेजी से बढ़ा है और मिलियंस की संख्या में यूनिक यूजर्स तक पहुंचता है.

Read More

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button