भारत

Yoga Day 2026 Live Updates: कोलकाता में PM मोदी और गुजरात में अमित शाह कर रहे योग, दिल्ली से लेह तक कार्यक्रम

Yoga Day 2026 Live: 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार 21 जून 2026 को कोलकाता के रेड रोड से देश के सबसे बड़े योग कार्यक्रम का नेतृत्व कर रहे हैं. इस मौके पर वह देशवासियों को योग का संदेश देंगे और हजारों योग साधकों के साथ कॉमन योग प्रोटोकॉल सत्र में भाग लिया.

इस वर्ष की थीम- ‘योगा फॉर हेल्दी एजिंग’

केंद्र सरकार की ओर से जारी जानकारी के अनुसार इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम ‘योगा फॉर हेल्दी एजिंग’ रखी गई है. यह थीम बढ़ती उम्र में स्वस्थ और सक्रिय जीवन, शारीरिक फिटनेस, मानसिक संतुलन, भावनात्मक मजबूती और बेहतर जीवन गुणवत्ता में योग की भूमिका को रेखांकित करती है.

रेड रोड पर जुटेंगे हजारों योग साधक

प्रधानमंत्री का कार्यक्रम रविवार सुबह कोलकाता के रेड रोड पर आयोजित किया जाएगा. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में योग साधक, छात्र-छात्राएं, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और आम नागरिक शामिल होंगे. इस दौरान प्रधानमंत्री उपस्थित लोगों को संबोधित भी करेंगे.

योग को वैश्विक जन-आंदोलन बनाने पर रहेगा जोर

माना जा रहा है कि अपने संबोधन में प्रधानमंत्री योग को भारत की प्राचीन विरासत के साथ-साथ वैश्विक जन-आंदोलन के रूप में स्थापित करने पर जोर देंगे. वह योग के माध्यम से स्वस्थ और संतुलित जीवनशैली अपनाने का संदेश भी देंगे.

दुनिया भर में 2500 स्थानों पर होंगे कार्यक्रम

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर इस वर्ष दुनिया भर में करीब 2,500 स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. इनमें 210 से अधिक भारतीय मिशन और पोस्ट भी भाग ले रहे हैं. इससे स्पष्ट है कि योग अब केवल भारत की परंपरा नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर पर स्वास्थ्य, सामंजस्य और सामूहिक कल्याण का प्रतीक बन चुका है.

2015 में हुई थी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुरुआत

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुरुआत वर्ष 2015 में हुई थी, जब संयुक्त राष्ट्र महासभा ने भारत के प्रस्ताव को स्वीकार करते हुए 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की थी. तब से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हर वर्ष देश और विदेश के अलग-अलग शहरों से योग दिवस कार्यक्रम का नेतृत्व करते रहे हैं.

कई शहरों से कर चुके हैं योग दिवस का नेतृत्व

प्रधानमंत्री नई दिल्ली, चंडीगढ़, लखनऊ, मैसूर, न्यूयॉर्क, श्रीनगर और विशाखापत्तनम सहित कई शहरों में आयोजित योग दिवस के मुख्य कार्यक्रमों में भाग ले चुके हैं. हर वर्ष योग दिवस के आयोजन का दायरा और सहभागिता बढ़ती जा रही है.

कोलकाता में दिख रहा खास उत्साह

इस बार कोलकाता में आयोजित कार्यक्रम को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है. रेड रोड पर सुरक्षा, यातायात और प्रतिभागियों की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं. प्रशासन की ओर से कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं.

भारत की सॉफ्ट पावर को मिलेगी मजबूती

पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में होने वाला यह आयोजन राजनीतिक और सांस्कृतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है. एक ओर प्रधानमंत्री योग को जन-जन तक पहुंचाने के अभियान को आगे बढ़ाएंगे, वहीं दूसरी ओर यह आयोजन भारत की सॉफ्ट पावर और पारंपरिक ज्ञान प्रणाली की वैश्विक स्वीकार्यता को भी मजबूत करेगा.

योग केवल व्यायाम नहीं, जीवनशैली का माध्यम

योग दिवस के माध्यम से केंद्र सरकार यह संदेश देने का प्रयास करेगी कि योग केवल व्यायाम नहीं है, बल्कि स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का एक प्रभावी माध्यम है. नियमित योगाभ्यास शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है.

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button