US के साथ तनाव के बीच ईरान ने तैनात की खतरनाक खोर्रमशहर-4 बैलिस्टिक मिसाइल, ट्रंप को सीधा मैसेज!

अमेरिका और ईरान के बीच पनप रहा तनाव थमने का नाम नहीं ले रहा है. इस बीच ईरान ने एक ऐसा कड़ा कदम उठाया है, जो ओमान की मध्यस्थता में होने वाली बातचीत से पहले ही अमेरिका को बड़ा फैसला लेने के लिए उकसा सकता है.
दरअसल, ईरान की सरकारी न्यूज चैनल प्रेस टीवी ने यह जानकारी साझा की कि ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने शुक्रवार (6 फरवरी, 2026) को अपने एक सैन्य अड्डे पर बैलिस्टिक मिसाइल खोर्रमशहर-4 को तैनात कर दिया है.
US को मैसेज देने के लिए किया मिसाइल का प्रदर्शनः जावानी
ईरानी सैन्य अड्डे पर खोर्रमशहर-4 बैलिस्टिक मिसाइल की तैनाती को लेकर IRGC के राजनीतिक मामलों के उप कमांडर ब्रिगेडियर जनरल यदोल्लाह जावानी ने कहा कि इस बैलिस्टिक मिसाइल का प्रदर्शन अमेरिका को मैसेज देने के लिए किया गया है और वो मैसेज यह है कि ईरान अपनी रक्षा क्षमताओं से पीछे हटने का इरादा नहीं रखता है.
उन्होंने कहा कि ईरान अपने रुख से कभी पीछे नहीं हटेगा और वह युद्ध नहीं चाहता है, लेकिन अगर दुश्मन कोई गलत कदम उठाता है, तो उसे कड़ा जवाब दिया जाएगा.
2,000 किमी की रेंज तक तबाही मचा सकती है खोर्रमशहर-4 मिसाइल
खोर्रमशहर-4 बैलिस्टिक मिसाइल 2,000 किलोमीटर की रेंज तक सटीक हमला कर तबाही मचाने की क्षमता रखती है. इसके साथ ही यह करीब 1,500 किलोग्राम तक का वॉरहेड लेकर जाने में भी सक्षम है. ऐसे में यह बेहद खतरनाक बताई जा रही है.
रिपोर्ट के मुताबिक, IRGC एयरोस्पेस फोर्स की ओर से संचालित एक नए सैन्य स्थल के उद्घाटन के दौरान इस खतरनाक बैलिस्टिक मिसाइल को प्रदर्शित किया गया है. इसकी मिसाइल की तैनाती को ईरान की रक्षा नीति में औपचारिक रूप से शामिल किए जाने का संकेत माना जा रहा है.
पूरे आत्मविश्वास के साथ ईरान की राजनयिक करेंगे बैठकः जावानी
IRGC के राजनीतिक मामलों के उप कमांडर ब्रिगेडियर जनरल यदोल्लाह जावानी ने कहा कि ईरान के राजनयिक पूरे आत्मविश्वास के साथ अमेरिका के साथ ओमान के नेतृत्व में होने वाली बातचीत में शामिल होंगे.
यह भी पढ़ेंः मलेशिया की दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर जाएंगे PM मोदी, ट्रेड और डिफेंस समेत इन मुद्दों पर होगी बातचीत



