UP पुलिस के 17 जवानों को गैलेंट्री मेडल का ऐलान, एनकाउंटर स्पेशलिस्ट IPS अफसर भी शामिल

सांकेतिक तस्वीर.
यूपी पुलिस के 17 जवानों को राष्ट्रपति वीरता पुरुस्कार की घोषणा की गई है. गणतंत्र दिवस से पहले गृह मंत्रालय की ओर से प्रेसीडेंट गैलेंट्री मेडल का ऐलान किया गया है. पूरे देश में यूपी पुलिस को सबसे ज्यादा 17 वीरता पदक मिले हैं. इसके बाद दूसरे नंबर पर जम्मू कश्मीर पुलिस है, जिसे 15 वीरता पदक मिले हैं.पैरा मिलिट्री में सीआरपीएफ को 18 गैलेंट्री मेडल की घोषणा की गई है. इसके अलावा यूपी फायर सर्विसेज के 16 अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रेसीडेंट गैलेंट्री मेडल का ऐलान हुआ है.
गणतंत्र दिवस से पहले पुरुस्कारों की घोषणा की गई है. इनमें देश के 942 जवानों को सम्मानित किया गया है. इनमें 95 जवानों को वीरता पदक, 101 को विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पदक और 746 जवानों को सराहनीय सेवा के लिए पदक दिया जाएगा. यूपी पुलिस को सबसे जयदा 17 मेडल दिए गए हैं. इनमें आईपीएस अफसर, डीएसपी, सब इंस्पेक्टर और पुलिस के कांस्टेबल भी शामिल हैं.
IPS, इंस्पेक्टर और कांस्टेबल शामिल
राष्ट्रपति वीरता पुरुस्कार के लिए यूपी के आईपीएस अफसर अशोक कुमार मीणा, निपुण अग्रवाल, डॉक्टर दीक्षा शर्मा को प्रेसीडेंट गैलेंट्री मेडल के लिए चुना गया है. इनके अलावा डिप्टी एसपी स्वतंत्र कुमार सिंह, कुलदीप कुमार को भी राष्ट्रपति वीरता पुरूस्कार दिया जाएगा.इंस्पेक्टर गीतेश कपिल, अमित, अब्दुर रहमान सिद्दीकी, रिपुदमन सिंह,सब इंस्पेक्टर मुनीश सिंह, अंगद सिंह यादव, कांस्टेबल देवदत्त सिंह, राजन कुमार, रितुल शर्मा, प्रवीन अहलावत, संदीप कुमार को गैलेंट्री मेडल मिलेगा.
UP पुलिस को सबसे ज्यादा
राज्यवार गैलेंट्री अवार्ड की लिस्ट में यूपी पुलिस को सबसे ज्यादा मेडल मिलने की घोषणा की गई है. इनमें UP पुलिस के 17 जवान, उत्तर प्रदेश फायर विभाग के 16 जवान, जम्मू और कश्मीर के 15 जवान,छत्तीसगढ़ के 11 जवान,ओडिशा के 6 जवान, जम्मू-कश्मीर फायर विभाग का 1 जवान शामिल हैं. इनके अलावा सीआरपीएफ के 19 जवान, बीएसएफ के 5 जवान, एसएसबी के 4 जवान औरअसम राइफल्स के 1 जवान शामिल हैं.

