UP Weather: यूपी में अचानक बदला मौसम, लखनऊ समेत कई जिलों में जोरदार बारिश; 3 दिन ऐसा ही रहेगा मौसम

राजधानी लखनऊ में हुई जोरदार बारिश.
उत्तर प्रदेश में एक बार फिर बारिश और बादल छाए रहने का मौसम लौट आया है. मंगलवार सुबह से राज्य के अधिकांश हिस्सों में रुक-रुककर बारिश हो रही है, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है. शाम के समय लखनऊ, गोरखपुर, आगरा, मथुरा, बस्ती और कुशीनगर जैसे शहरों में तेज बारिश हुई. बारिश के साथ ठंडी हवाओं ने तापमान में गिरावट ला दी है और सर्दी का अहसास बढ़ गया है.
20 जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार- जौनपुर, भदोही, आजमगढ़ समेत 20 से अधिक जिलों में घने बादल छाए हुए हैं. वहीं करीब 11 जिलों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. तेज हवाओं की रफ्तार लगभग 20 किमी प्रति घंटे तक दर्ज की गई है, जिससे सुबह और शाम के समय ठंड और बढ़ गई है.
लखनऊ में तेज बारिश
लखनऊ में बीते सोमवार रात से ही बारिश का सिलसिला जारी है. मंगलवार सुबह ऑफिस जाने वाले लोग और स्कूली बच्चे रेनकोट और छातों के साथ निकले. लगातार बारिश के कारण कई इलाकों में ट्रैफिक धीमा पड़ गया और लोगों को जाम का सामना करना पड़ा. वहीं शाम के समय तो जोरदार बारिश हुई.
अगले 24 घंटे में इन जिलों में होगी बारिश
गोरखपुर, आगरा, मथुरा, बस्ती और कुशीनगर में भी दिनभर बारिश और उमस भरा मौसम बना रहा. मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि अगले 24 घंटों तक कुछ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है.
क्या बोले मौसम वैज्ञानिक?
माैसम विभाग के मुताबिक, 29 से 31 अक्टूबर के बीच चक्रवाती तूफान ‘मोंथा’ के असर से यूपी के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश की संभावना है. मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मोंथा का सबसे ज्यादा असर प्रदेश के दक्षिणी और बिहार से सटे पूर्वांचल के जिलों पर पड़ेगा. इन इलाकों में तेज हवा व गरज चमक के साथ अच्छी बारिश होगी.
किसानों की धान की फसल पर असर
चक्रवात गुजरने के बाद एक नवंबर से दिन के तापमान में दोबारा बढ़त देखने को मिलेगी. मौसम के अचानक करवट लेने और कई इलाकों में हुई बारिश और बूंदा-बांदी से प्रदेश के किसानों की चिंता बढ़ गई है. धान की फसल या तो कटकर खेतों में पड़ी है या कटाई के इंतजार में खड़ी है. ऐसे में बारिश से फसल भीगने और खराब होने का खतरा है. किसानों को नुकसान की चिंता सताने लगी है.

