TMMTMTTM Box Office Collection Day 1: पहले दिन ही ‘धुरंधर’ की आंधी में उड़ गई कार्तिक-अनन्या की फिल्म, बुरा ऐसा हाल

कार्तिक आर्यन और अनन्या पांडे की फिल्म तू मेरी मैं तेरा मैं तेरा तू मेरी सिनेमाघरों पर 25 दिसंबर को रिलीज हुई है. इस रोमांटिक-कॉमेडी फिल्म का काफी बज था. स्टारकास्ट ने फिल्म का जमकर प्रमोशन भी किया है मगर फिर भी ये फिल्म पहले दिन कोई खास कमाल नहीं दिखा पाई है. क्रिसमस के हॉलीडे पर रिलीज हुई कार्तिक की फिल्म भी रणवीर सिंह की धुरंधर की आंधी में उड़ गई है.
कार्तिक आर्यन और अनन्या पांडे की जोड़ी को काफी पसंद किया जाता है. दोनों साथ में पहले भी काम कर चुके हैं मगर इस बार इनकी जोड़ी वो कमाल नहीं दिखा पाई जिसकी उम्मीद थी. फिल्म का पहले दिन का कलेक्शन सामने आ गया है और ये कुछ ज्यादा खास नहीं रहा है. आइए आपको बताते हैं तू मेरी मैं तेरा मैं तेरा तू मेरी ने पहले दिन कितनी कमाई की है.
पहले दिन किया इतना कलेक्शन
तू मेरी मैं तेरा मैं तेरा तू मेरी के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन की बात करें तो सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक इसने पहले दिन सिर्फ 7.50 करोड़ का कलेक्शन किया है. फिल्म ने एडवांस बुकिंग से जितनी कमाई की थी उसके बाद ज्यादा इजाफा देखने को नहीं मिला है. वीकेंड पर फिल्म की कमाई में कुछ उछाल आ सकता है.
धुरंधर की आंधी में उड़ी फिल्म
रणवीर सिंह की धुरंधर लंबे समय से बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ बनाए बैठी है. 5 दिसंबर को रिलीज हुई धुरंधर बॉक्स ऑफिस पर जमकर कमाई कर रही है. इसके आगे कोई फिल्म टिक नहीं पा रही है. क्रिसमस के हॉलीडे पर धुरंधर ने जमकर कमाई की है. फिल्म ने क्रिसमस पर 26.50 करोड़ कमाए हैं. जो तू मेरी मैं तेरा मैं तेरा तू मेरी के कलेक्शन से तीन गुना ज्यादा हैं.
तू मेरी मैं तेरा मैं तेरा तू मेरी की बात करें तो इसमें कार्तिक आर्यन और अनन्या पांडे के साथ जैकी श्रॉफ और नीना गुप्ता अहम किरदार निभाते नजर आए हैं. ये फिल्म आगे चलकर क्या कमाल दिखा पाती है ये देखना होगा.



