भारत

राहुल गांधी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस, किरेन रिरिजू बोले- संसद में PM मोदी पर बिना सबूत कैसे लगाए आरोप?

लोकसभा में बजट सत्र के दौरान नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने आज भारत और अमेरिका के बीच हुई ट्रेड डील पर बड़ा बयान दिया, जिसके बाद केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू की उनसे तीखी बहस हो गई. राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस डील के जरिए भारत को ‘बेच’ दिया है और यह ‘पूरी तरह से आत्मसमर्पण’ है. इसके बाद किरेन रिजिजू ने कहा कि वह राहुल गांधी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस लेकर आएंगे.

किरेन रिजिजू ने राहुल से आरोपों के सबूत मांगे

11 फरवरी 2026 को सदन में राहुल गांधी ने कहा कि यह समझौता सिर्फ प्रधानमंत्री का नहीं, बल्कि 1.5 अरब भारतीयों के भविष्य का आत्मसमर्पण है. उन्होंने दावा किया कि सरकार ने बीजेपी के फाइनेंशियल स्ट्रक्चर की सुरक्षा के लिए ऐसा किया. इस पर किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी के भाषण में ही दखल दिया. उन्होंने राहुल को रोकते हुए कहा, ‘आप कोई सामान्य सांसद नहीं हैं. आप नेता प्रतिपक्ष हैं. जब आप किसी मुद्दे पर बोलते हैं तो उसके गंभीर परिणाम होते हैं. मैं नेता प्रतिपक्ष से आग्रह करूंगा कि वह अपने बयान में लगाए आरोपों के पुख्ता सबूत दें.’

केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि वे एक ही बात बार-बार दोहरा रहे हैं. रिजिजू ने कहा कि राहुल अपने सभी आरोपों को तुरंत साबित करें. रिजिजू ने कहा, ‘आप प्रधानमंत्री का नाम ले रहे हैं और जो शब्द इस्तेमाल किए, जो आरोप लगाए, मैं कुर्सी के माध्यम से मांग करता हूं कि आप सभी आरोपों की प्रमाणिकता साबित करें.’ उन्होंने राहुल के आरोपों को ‘बेसलेस’ और ‘वाइल्ड’ बताया. स्पीकर ने हस्तक्षेप किया और कहा कि राहुल को तुरंत साबित करने की जरूरत नहीं है, क्योंकि यह रिजिजू की मांग थी. राहुल ने जवाब दिया कि वे अभी साबित करेंगे.

PM मोदी पर गंभीर आरोप लगाकर फंसे राहुल गांधी

किरेन रिजिजू ने न्यूज एजेंसी ANI से कहा, ‘सदन को गुमराह करने और निराधार बयान देने के लिए राहुल गांधी के खिलाफ विशेषाधिकार नोटिस दाखिल करने जा रहे हैं. लोकसभा और राज्यसभा में कार्यवाही और प्रक्रिया के स्पष्ट नियम हैं. जब कोई सदस्य किसी अन्य सदस्य पर गंभीर आरोप लगाना चाहता है, तो उसे नोटिस देना होता है और आरोप को प्रमाणित भी करना होता है. मैंने राहुल गांधी को सदन में बुलाकर उनके उठाए गए बिंदुओं को प्रमाणित करने का अनुरोध किया है. राहुल गांधी ने सरकार और प्रधानमंत्री पर निराधार और झूठे आरोप लगाए हैं, उनका कहना है कि प्रधानमंत्री ने भारत और भारतीय हितों को बेच दिया है. किस आधार पर? उन्होंने बिना नोटिस दिए हरदीप सिंह पुरी पर गंभीर आरोप लगाए हैं.’



Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button