खेल

PSL की पूर्व चैंपियन टीम हुई अनाथ, अगले सीजन के लिए PCB ने बड़ा फैसला लेकर चौंकाया; जानें पूरा माजरा

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने फैसला लिया है कि मुल्तान सुल्तान फ्रैंचाइजी का संचालन बोर्ड खुद करेगा. पीसीबी के चेयरमैन मोहसिन नकवी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि अगले सीजन के लिए मुल्तान सुल्तान फ्रैंचाइजी का संचालन बोर्ड करेगा और टीम को चलाने की जिम्मेदारी पूर्व क्रिकेटर को सौंपी जाएगी. PSL 2026 के समापन के बाद मुल्तान सुल्तान फ्रैंचाइजी को बिक्री के लिए मार्केट में उतारा जाएगा.

मोहसिन नकवी ने कहा, “फिलहाल टीम के संचालन के लिए अगले 8-10 दिनों के भीतर टीम का हेड नियुक्त किया जाएगा. ये व्यक्ति एक पूर्व क्रिकेटर होगा, जो इस सीजन मुल्तान सुल्तान फ्रैंचाइजी का संचालन करेगा.”

बता दें कि मुल्तान सुल्तान PSL 6 सीजन की चैंपियन बनी थी. इसके अलावा यह टीम तीन अन्य मौकों पर फाइनल तक का सफर तय कर चुकी है.

मुल्तान सुल्तान टीम कैसे हुई अनाथ?

मुल्तान सुल्तान फ्रैंचाइजी बिना मालिक PSL 11 में खेलने उतरेगी. आखिर ये नौबत आई कैसे? दरअसल टीम के पुराने मालिक अली तारीन ने मुल्तान सुल्तान टीम छोड़ दी है, जिसके वो 2018 से ही मालिक बने हुए थे. तारीन ने वित्तीय समस्याओं का हवाला देकर टीम छोड़ने का फैसला लिया.

अली तारीन के इस फैसले के बाद PCB ने उन्हें लीगल नोटिस भेज दिया था, जिसमें उनपर समझौते का अनुपालन ना करने का आरोप लगा और साथ ही माफी मांगने के लिए भी कहा गया था. इस पर प्रतिक्रिया देते हुए तारीन ने एक वीडियो जारी किया, जिसमें उन्होंने बोर्ड के बड़े अधिकारियों पर ताना कसते हुए माफी मांगी और साथ ही वीडियो में PCB द्वारा भेजे गए लीगल नोटिस को फाड़ दिया था.

PSL से जुड़ेंगी 2 नई टीम

इसी बीच 2 नई टीम पाकिस्तान सुपर लीग से जुड़ने जा रही हैं. दरअसल 8 जनवरी 2026 को दो नई टीमों के लिए ऑक्शन होने वाला है. बताया जा रहा है कि इन टीमों की खरीद के लिए 10 अलग-अलग उम्मीदवार बोली लगाने वाले हैं. PSL 2026 का आगाज 26 मार्च से होगा और फाइनल 3 मई को खेला जाएगा.

यह भी पढ़ें:

पाकिस्तानी क्रिकेटर की एक्स वाइफ ने तलाक पर बयां किया दर्द, ऐसा राज खोला, जानकर दंग रह जाएंगे

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button