Sad day for cricket the cricket world mourned the stampede outside Chinnaswamy Stadium; Know who said what

RCB Victory Parade Chinnaswamy Stadium Stampede Cricketers Reaction: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू (RCB) के पहली बार आईपीएल खिताब जीतने के जश्न के दौरान भगदड़ में 11 लोग मारे गए और 30 से अधिक घायल हुए हैं. जश्न के दौरान हुई इन मौतों से पूरे देश में मातम पसरा है. क्रिकेट जगत ने भी इस घटना पर दुख जताया है.
भारत के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने बेंगलुरू के चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर आरसीबी की आईपीएल जीत के जश्न के दौरान 11 लोगों की मौत पर शोक जताते हुए कहा कि यह बहुत ही भयावह त्रासदी है. तेंदुलकर ने ‘एक्स’ पर लिखा, “बेंगलुरू में चिन्नास्वामी स्टेडियम पर जो भी हुआ, वह भयावह है. हर प्रभावित परिवार के प्रति मेरी संवेदनायें. सभी को सुकून और शक्ति मिले.”
दक्षिण अफ्रीका और आरसीबी के पूर्व बल्लेबाज एबी डिविलियर्स ने कहा, “चिन्नास्वामी स्टेडियम पर हुई इस त्रासदी से प्रभावित लोगों के प्रति मेरी संवेदनायें और प्रार्थना.”
भारत के पूर्व कप्तान और कोच और बेंगलुरू के रहने वाले अनिल कुंबले ने इसे क्रिकेट के लिये दुखद दिन करार दिया. उन्होंने लिखा, “क्रिकेट के लिये दुखद दिन. आरसीबी की जीत का जश्न मनाने में अपने प्रियजनों को खोने वाले लोगों के परिवारों के प्रति मेरी संवेदना. घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना.”
युवराज सिंह ने लिखा, “जश्न का पल अकल्पनीय त्रासदी में बदल गया. बेंगलुरू हादसे से प्रभावित हर एक के प्रति मेरी संवेदना. दिवंगत आत्माओं को शांति मिले और उनके परिवार को शक्ति.”
विराट कोहली ने बेंगलुरु में भगदड़ के बाद आए आरसीबी टीम के आधिकारिक बयान को शेयर करते हुए लिखा, “मैं पूरी तरह से टूट गया हूं, मेरे पास कहने को शब्द नहीं है.”
आरसीबी ने बेंगलुरु में मची भगदड़ में 11 लोगों की मौत के बाद एक स्टेटमेंट जारी कर इस पर शोक जताया. उन्होंने अपने बयान में लिखा, “हम मीडिया रिपोर्ट्स के ज़रिए सामने आई दुर्भाग्यपूर्ण घटनाओं से बेहद दुखी हैं. सभी की सुरक्षा और सेहत हमारे लिए सबसे ज़्यादा महत्वपूर्ण है. आरसीबी जानमाल के नुकसान पर शोक व्यक्त करती है और प्रभावित परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करती है. स्थिति से अवगत होने के तुरंत बाद, हमने अपने कार्यक्रम में संशोधन किया और स्थानीय प्रशासन के मार्गदर्शन और सलाह का पालन किया. हम अपने सभी समर्थकों से आग्रह करते हैं कि कृपया सुरक्षित रहें.”



