अमेठी में स्मृति ईरानी का नामांकन आज, CM मोहन यादव के साथ करेंगी रोड शो | BJP Smriti Irani nomination in Amethi today road show with MP CM Mohan Yadav

केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी
अमेठी लोकसभा से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से लगातार तीसरी बार उम्मीदवार बनाई गई सांसद स्मृति ईरानी आज अपना नामांकन दाखिल करेंगी. इस दौरान मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव समेत कई बड़े नेता मौजूद रहेंगे. बताया जा रहा है कि दोपहर करीब 12बजकर 15मिनट पर भाजपा प्रत्याशी स्मृति ईरानी नमांकन करेंगी.
वहीं केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी मुख्यमंत्री मोहन यादव के साथ आज भाजपा कार्यालय से कलेक्ट्रेट मोड़ तक रोड शो भी करेंगी. भाजपा रोड़ शो के बाहने शक्ति प्रदर्शन करने की तैयारी कर रही है. इस दौरान लगभग 20 हजार की भीड़ जुटाने के प्रयास में भाजपाई जुटे हुए हैं.
स्मृति ईरानी ने किये रामलला के दर्शन
नामांकन से एक दिन पहले स्मृति ईरानी ने रविवार को अयोध्या में रामलला की पूजा-अर्चना की और राष्ट्र की प्रगति की कामना की. उन्होंने हनुमानगढ़ी मंदिर में भी दर्शन किया और अमेठी के निवासियों की खुशहाली के लिए प्रार्थना की. यहां स्मृति ईरानी ने कहा कि आज मैं खुद को सौभाग्यशाली मानती हूं कि मेरा जन्म ऐसे युग में हुआ, जिसमें हमारे रामलला को एक भव्य समारोह के माध्यम से एक तंबू से भव्य मंदिर में स्थापित किया गया.
2019 में हार गए थे राहुल गांधी
बता दें कि भाजपा ने 2024 के लोकसभा चुनाव में ईरानी को एक बार फिर अमेठी सीट से पार्टी का उम्मीदवार घोषित किया है. 2019 के लोकसभा चुनाव में स्मृति ईरानी ने इस सीट पर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को करीब 55000 वोटों के बड़े अंतर से हरा दिया था. दूसरी तरफ कांग्रेस की बात करें तो उसने अभी तक अमेठी से अपना उम्मीदवार घोषित नहीं किया है. अमेठी में पांचवें चरण के लिए 20 मई को मतदान होगा.

