उत्तर प्रदेशभारत

MLC चुनावः 4 राज्यों की 28 सीटों पर आज वोटिंग, सपा के आरोपों के बीच UP में मतदान पर नजर

MLC चुनावः 4 राज्यों की 28 सीटों पर आज वोटिंग, सपा के आरोपों के बीच UP में मतदान पर नजर

यूपी MLC चुनाव के लिए आज मतदान

उत्तर प्रदेश से लेकर बिहार, महाराष्ट्र और कर्नाटक विधान परिषद की कुल 28 सीटों पर आज वोटिंग होनी है, जिसमें सबसे ज्यादा चर्चा यूपी MLC चुनाव को लेकर है.उत्तर प्रदेश विधान परिषद की स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की 11 सीटों पर आज मतदान होना है. सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा, जिसको लेकर चुनाव आयोग ने पूरी तैयारियां कर ली हैं.

यूपी के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने कहा है कि इस चुनाव में मतदाता सूची में नाम या अन्य डिटेल्स में मामूली लिपिकीय या प्रिटिंग संबंधी गलतियों के आधार पर किसी भी पात्र मतदाता को मतदान से वंचित नहीं किया जाएगा. उन्होंने कहा है कि इस संबंध में सभी संबंधित जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी पात्र मतदाता को अपने मताधिकार का प्रयोग करने में परेशानी न हो.

राज्य की जिन 11 सीटों पर चुनाव होने हैं, उनमें पांच स्नातक और छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं. स्नातक सीटों में आगरा क्षेत्र स्नातक, मेरठ क्षेत्र स्नातक, इलाहाबाद-झांसी क्षेत्र स्नातक, लखनऊ क्षेत्र स्नातक और वाराणसी क्षेत्र स्नातक सीट शामिल हैं, जबकि शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में लखनऊ क्षेत्र शिक्षक, काशी क्षेत्र शिक्षक, आगरा क्षेत्र शिक्षक, गोरखपुर-फैजाबाद क्षेत्र शिक्षक, बरेली-मुरादाबाद क्षेत्र शिक्षक और मेरठ क्षेत्र शिक्षक सीट शामिल हैं.

आज बंद रहेंगी शराब की दुकानें

विधान परिषद चुनाव में मतदान के मद्देनजर आज राजधानी लखनऊ में शराब की दुकानें बंद रहेंगी. जिला प्रशासन ने शुक्रवार को ‘शुष्क दिवस’ घोषित करते हुए शराब और मादक पदार्थों की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का आदेश जारी किया है. यह आदेश सेना और अर्धसैनिक बलों की कैंटीनों, अन्य मादक पदार्थों की बिक्री करने वाले प्रतिष्ठानों और अन्य संबंधित लाइसेंसधारकों पर भी लागू होगा.

इसके अलावा बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन-2026 के मतदान के कारण मुरादाबाद के स्कूलों में आज अवकाश घोषित किया गया है. जनपद के नर्सरी से कक्षा 12वीं तक के सभी स्कूल बंद रहेंगे. शिक्षण संस्थानों में शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए गए हैं.

BJP-SP के लिए 2027 विधानसभा चुनाव का ‘सेमीफाइनल’

इस चुनाव को बीजेपी और सपा, दोनों ही पार्टियों के लिए 2027 विधानसभा चुनाव का सेमीफाइनल माना जा रहा है. ऐसे में दोनों पार्टियों के बीच आरोप-प्रत्यारोप भी जारी है. मतदान से पहले सपा ने अपने समर्थक मतदाताओं को धमकाने और मतदान से रोकने की साजिश रचने का आरोप लगाया है. पार्टी ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन देकर मामले में तत्काल कार्रवाई करने और मतदान स्वतंत्र, निष्पक्ष और भयमुक्त माहौल में कराने की मांग की है.

सपा समर्थक मतदाताओं को निशाना बनाने का आरोप

ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कानपुर नगर, कानपुर देहात और उन्नाव समेत 72 जिलों में मतदान के दौरान सपा समर्थक मतदाताओं को निशाना बनाया जा रहा है. यह भी आरोप लगाया गया है कि प्रदेश सरकार के मंत्रियों और बीजेपी पदाधिकारियों के इशारे पर पुलिसकर्मी सपा समर्थकों को चिह्नित कर उन्हें मतदान के दिन घर से बाहर नहीं निकलने की हिदायत दे रहे हैं. पार्टी का यह भी आरोप है कि समर्थकों को फर्जी मुकदमों में फंसाने और गिरफ्तार कर जेल भेजने की धमकी दी जा रही है.

आगरा खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची में बड़ी संख्या में दोहरे नाम दर्ज होने और नामों में गलतियों का आरोप लगाते हुए सपा ने कहा है कि इससे मतदाताओं को परेशानी हो सकती है. पार्टी ने निर्वाचन अधिकारियों से यह सुनिश्चित करने की मांग की है कि किसी भी मतदाता को वोट डालने से न रोका जाए. साथ ही सपा ने मतदान खत्म होने के बाद प्रत्येक बूथ पर पड़े मतों का विवरण देने वाला फॉर्म-17सी मतदान एजेंटों को अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने की मांग की है.

अखिलेश यादव ने भी BJP पर बोला हमला

वहीं, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने गुरुवार को बीजेपी पर आरोप लगाया कि वह आचार संहिता का उल्लंघन कर और अधिकारियों और स्कूल-कॉलेज प्रबंधन पर दबाव डालकर यूपी विधानपरिषद चुनावों में शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में जीत हासिल करने की साजिश कर रही है.

बिहार में भी विधान परिषद की 8 सीटों के लिए आज मतदान

उत्तर प्रदेश के अलावा बिहार में भी विधान परिषद की 8 सीटों के लिए आज मतदान होगा. मतदान सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक होगा, जबकि मतगणना 27 अक्टूबर को की जाएगी. चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में होने वाले इस चुनाव में 5.33 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे. चुनाव मैदान में कुल 150 उम्मीदवार हैं.

जिन सीटों पर चुनाव हो रहा है, उनमें पटना स्नातक, दरभंगा स्नातक, तिरहुत स्नातक, कोसी स्नातक, पटना शिक्षक, दरभंगा शिक्षक, तिरहुत शिक्षक और सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं. चुनाव में एनडीए के घटक दल बीजेपी और जदयू चार-चार सीटों पर मैदान में हैं.

सबसे ज्यादा चर्चा में पटना स्नातक सीट

इस पूरे चुनाव में सबसे ज्यादा चर्चा पटना स्नातक सीट की है, जहां जदयू के बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने जन सुराज के उम्मीदवार अनुज सिंह के समर्थन में मोर्चा संभाल कर न सिर्फ जदयू प्रत्याशी नीरज सिंह को बल्कि अपनी पार्टी को ही चुनौती दी है.

महाराष्ट्र में भी पांच सीटों पर आज मतदान

यूपी, बिहार के अलावा महाराष्ट्र में भी विधान परिषद की पांच सीटों के लिए आज मतदान होने हैं. इन सीटों पर कुल 182 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं, जबकि कुल 10,68,072 मतदाता 2,419 मतदान केंद्रों पर अपना वोट डालेंगे.

इस चुनाव में सत्ताधारी महायुति और विपक्षी महा विकास अघाडी अपनी ताकत आजमाने के लिए तैयार हैं. बीजेपी ने नागपुर स्नातक, पुणे स्नातक और पुणे शिक्षक सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि राकांपा छत्रपति संभाजीनगर स्नातक सीट से और शिवसेना अमरावती शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ रही है.

कर्नाटक में भी 4 MLC सीटों पर आज मतदान

कर्नाटक में भी विधान परिषद की 4 सीटों के लिए आज वोटिंग होगी. ये चुनाव दो स्नातक सीट और दो शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए हो रहे हैं. इन चार सीटों में से तीन पहले BJP और एक कांग्रेस के पास थी. इस चुनाव में कांग्रेस-NDA के बीच कड़ी टक्कर है.

ये भी पढ़ें: UP में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 14 PCS अफसरों के ट्रांसफर; देखें पूरी लिस्ट

सोनू शर्मा

सोनू शर्मा

TV9 भारतवर्ष डिजिटल में बतौर चीफ सब एडिटर कार्यरत हैं. यहां न्यूज डेस्क पर काम करते हैं. इससे पहले ट्रेंडिंग टीम में थे. न्यूज चैनल और डिजिटल मीडिया में 10 साल से अधिक का अनुभव है. पश्चिम बंगाल राज्य के कोलकाता स्थित NSHM कॉलेज से जर्नलिज्म की पढ़ाई की है. उसके बाद IBN7 (अब न्यूज18 इंडिया) में इंटर्नशिप की. फिर बतौर असिस्टेंट प्रोड्यूसर सुदर्शन न्यूज चैनल से जुड़े.

यहां स्पोर्ट्स टीम के साथ काम किया. फिर बिहार के पटना स्थित आर्यन न्यूज (बतौर प्रोड्यूसर), दिल्ली स्थित नेड्रिक न्यूज (बतौर सब एडिटर) और अमर उजाला जैसे संस्थानों में काम किया. अमर उजाला डिजिटल में बतौर सब एडिटर नेशनल और इंटरनेशनल बीट के साथ-साथ ट्रेंडिंग, ऑड, स्पोर्ट्स, लाइफस्टाइल और हेल्थ बीट पर काम किया.

यहां शिफ्ट हेड की भूमिका भी निभाई. उसके बाद TV9 भारतवर्ष से जुड़े. ट्रेंडिंग के साथ-साथ ऑड न्यूज, हेल्‍थ, साइंस और रिसर्च में बेहतरीन पकड़ है. किताबें पढ़ने का शौक है.

Read More

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button