उत्तर प्रदेशभारत

पहले पिता को मारी गोली, फिर बेटे को भी कर दिया शूट… सीतापुर में डबल मर्डर, 14 साल पुरानी दुश्मनी का लिया बदला

पहले पिता को मारी गोली, फिर बेटे को भी कर दिया शूट... सीतापुर में डबल मर्डर, 14 साल पुरानी दुश्मनी का लिया बदला

सीतापुर में डबल मर्डर

उत्तर प्रदेश का सीतापुर शुक्रवार देर शाम डबल मर्डर से दहल उठा. पुरानी रंजिश के चलते बदमाशों ने बाप-बेटे की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी. यह घटना इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र से सामने आई है. मृतकों की पहचान फतेहपुर गांव के रहने वाले छोटे खान उर्फ अख्तर और उनके बेटे मैसर खान के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि हमलावर रामू ने अख्तर के सिर में गोली मारी. वहीं बेटे मैसर खान के चेहरे और शरीर पर भी गंभीर चोटों के निशान मिले हैं.

घटना के बाद गांव और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई. जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. मामला दो समुदायों से जुड़ा होने के चलते एहतिया के तौर पर कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर तैनात कर दी गई हैं. पुलिस के मुताबिक ये हत्या पुरानी दुश्मनी के चलते की गई है.

एक दिन पहले ही हुआ था विवाद

पुलिस ने बताया कि एक दिन पहले ही दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था. गुरुवार को मेड़ काटने को लेकर मारपीट हुई थी, जिसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों का शांतिभंग में चालान कर जेल भेज दिया था. शुक्रवार को अख्तर और उनका बेटा मैसर और आरोपी रामू एसडीएम कोर्ट से जमानत कराकर गांव लौट रहे थे. गांव के पास पहुंचते ही दोनों पक्षों में फिर से कहासुनी हुई और फिर हिंसक झड़प हो गई.

14 साल पहले आरोपी के पिता की हत्या

आरोप है कि रामू ने पहले पिता और बेटे पर बांके से हमला किया. इसी दौरान उसके पक्ष के कुछ अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए. रामू ने पहले अख्तर को गोली मारी और फिर भाग रहे मैसर खान को करीब 20 मीटर तक दौड़ाने के बाद गोली मार दी. वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए. इस रंजिश की जड़ साल 2011 में हरगांव क्षेत्र में रामू के पिता ठाकुर प्रसाद की हत्या से जुड़ी बताई जा रही है, जहां 14 साल पहले इस मामले में अख्तर और मैसर समेत अन्य को आरोपी बनाया गया था. इसके बाद 2020 में ठाकुर प्रसाद के बेटे संतोष की भी हत्या हुई थी. तब भी यही नाम सामने आए थे.

मैसर खान के बेटे शमशाद खान ने आरोप लगाया कि रामू और उसके हिस्ट्रीशीटर ससुर शिवपूजन के साथ करीब एक दर्जन लोगों ने रास्ते में रोककर पहले मारपीट की और फिर उनके पिता और दादा को गोली मार दी. घटनास्थल पर पहुंचे एसपी अंकुर अग्रवाल ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. उन्होंने बताया कि फोरेंसिक टीम ने मौके पर जांच की है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 5 पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं. जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button