लखनऊ में IPS के घर चोरी, कैश-महंगी घड़ियां सहित 20 टोटियां तक चुरा ले गए चोर; अफसर नोएडा में DCP हैं

लखनऊ में IPS के घर चोरी
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के विकास नगर जैसे पॉश इलाके में एक आईपीएस अधिकारी के घर चोरी की घटना से हड़कंप मच गया है. नोएडा में डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (DCP) के पद पर तैनात आईपीएस अधिकारी यमुना प्रसाद के आवास पर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया. चोर खाली पड़े घर की खिड़की की ग्रिल काटकर अंदर आए और न सिर्फ कैश और चांदी के आभूषण चुराए, बल्कि बाथरूम की 20 टोटियां तक उखाड़ ले गए.
आईपीएस यमुना प्रसाद, जो 2012 बैच के अधिकारी हैं. वर्तमान में नोएडा कमिश्नरेट में डीसीपी के रूप में कानून-व्यवस्था संभाल रहे हैं. उनका लखनऊ स्थित आवास—1/197, विकास नगर—लंबे समय से खाली पड़ा था. उनके रिश्तेदार असित सिद्धार्थ इस मकान की देखभाल कर रहे थे. 23 सितंबर को जब असित ने घर खोला, तो चोरी का पता चला.
घर से क्या-क्या गायब किए?
- कैश करीब 50 हजार रुपये
- 10 चांदी के सिक्के
- 3 कलाई घड़ियां और 2 दीवार घड़ियां
- चांदी के बर्तन
- गिफ्ट आइटम्स
- बाथरूम फिटिंग्स: 20 टोटियां
यह घटना उस समय घटी जब यमुना प्रसाद नोएडा के एक बड़े अस्पताल में बीमारी के कारण भर्ती थे. बताया जा रहा है कि कुल मिलाकर चोरी गए सामान का अनुमानित मूल्य लाखों में है. घटना की सूचना मिलते ही विकास नगर थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया. लखनऊ पुलिस की टीम ने तुरंत घटनास्थल का मुआयना किया और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं.
चोरों ने पहले रेकी की थी
पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि चोरों ने सावधानीपूर्वक रेकी की थी और खाली घरों पर नजर रखी थी. पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह एक सुनियोजित वारदात लग रही है, जिसमें 2-3 चोरों का गिरोह शामिल हो सकते हैं. विकास नगर थाना प्रभारी ने बताया, “हम फिंगरप्रिंट्स और फुटेज के आधार पर संदिग्धों की तलाश कर रहे हैं. जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा.” हालांकि, अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है, लेकिन पुलिस ने आसपास के इलाकों में नजरबंदी बढ़ा दी है.

