उत्तर प्रदेशभारत

Kanpur News: शराब पीने पर टोका, गुस्से में पति ने प्रेग्नेंट पत्नी और डेढ़ साल के बेटे को मार डाला, फिर फूट-फूटकर रोया

Kanpur News: शराब पीने पर टोका, गुस्से में पति ने प्रेग्नेंट पत्नी और डेढ़ साल के बेटे को मार डाला, फिर फूट-फूटकर रोया

आरोपी पति.

उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले से एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है. यहां घाटमपुर थाना क्षेत्र के उदयपुर (शारदेपुर) गांव में शराब के नशे में धुत एक शख्स ने अपनी गर्भवती पत्नी और महज डेढ़ साल के मासूम बेटे की धारदार हथियार से गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी. इस दोहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया है.

जानकारी के अनुसार, गोपालपुर गांव के मजरा शारदेपुर निवासी सुरेंद्र यादव उर्फ स्वामी ट्रक खलासी का काम करता है. वह शराब पीने का बेहद आदि है. सुरेंद्र की शादी साल 2021 में फतेहपुर निवासी रूबी से हुई थी. परिजनों और ग्रामीणों ने बताया कि शादी के बाद से ही सुरेंद्र की शराब पीने की आदत को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर मारपीट और विवाद होता रहता था.

गुस्से में बना हैवान, फिर खुद ही लगा रोने

बीती रात सुरेंद्र जब शराब के नशे में धुत होकर घर पहुंचा, तो पत्नी रूबी ने उसका विरोध किया. देखते ही देखते कहासुनी इतनी बढ़ गई कि सुरेंद्र ने आपा खो दिया. उसने पास रखे धारदार हथियार से पहले अपनी गर्भवती पत्नी रूबी का गला रेत दिया. इसके बाद घर में मौजूद अपने ही डेढ़ साल के मासूम बेटे की भी बेरहमी से गर्दन काट दी.

ग्रामीणों ने बताया कि घटना के कुछ देर बाद जब वे सुरेंद्र के घर पहुंचे, तो वह खून से सने कपड़ों में घर के बाहर बैठकर रो रहा था. उसे देखकर ऐसा लग रहा था कि हत्या करने के बाद उसे पछतावा हो रहा है. लेकिन जैसे ही उसे भनक लगी कि ग्रामीणों ने पुलिस को फोन कर दिया है, वह मौका पाकर वहां से फरार हो गया.

पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत

दोहरे हत्याकांड की सूचना मिलते ही कानपुर पुलिस कमिश्नरेट के जॉइंट सीपी आशुतोष कुमार, डीसीपी साउथ दीपेंद्र चौधरी और एसीपी कृष्णकांत यादव भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए हैं. दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा गया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.

आरोपी की तलाश जारी

एसीपी कृष्णकांत यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हत्या का कारण पति-पत्नी के बीच शराब को लेकर होने वाला क्लेश सामने आया है. मृतका के परिजनों को सूचना दे दी गई है. पुलिस की कई टीमें फरार आरोपी सुरेंद्र उर्फ स्वामी की तलाश में दबिश दे रही हैं. जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button