Kanpur News: तिलक-कलावा, आधार कार्ड और मां दुर्गा को नमन… गरबा में एंट्री के लिए फॉलो करने होंगे ये 5 नियम

गरबा में एंट्री के लिए आधार जरूरी
उत्तर प्रदेश के कानपुर में नवरात्रि के अवसर पर आयोजित होने वाले डांडिया गरबा में भाईजान की एंट्री नहीं हो पाएगी. आयोजको ने हिंदू परंपरा को सुरक्षित रखने और लव जिहाद जैसे मामलों पर लगाम लगाने के लिए सख्त रवैया अपनाया है. शास्त्रीनगर में गैर हिन्दुओं की एंट्री पर सख्ती से बैन लगाया जा रहा है. यहां पोस्टर के माध्यम से चेतवानी दी गई है. गरबा में शामिल होने के लिए नई नियमावली लागू कर दी गई है. जिसके तहत माथे पर तिलक, हाथों में कलावा, आधार कार्ड, गंगाजल, गोमूत्र का आचमन और मां दुर्गा की तस्वीर के आगे नमन होना होगा.
कार्यक्रम के आयोजक राघवेंद्र मिश्रा का कहना है कि इस बार लोगों को पांच नियमों का पालन करना होगा. जो इन नियमों का पालन करेंगे उसको ही डांडिया कार्यक्रम में प्रवेश मिलेगा. यदि कोई भी गलत व्यक्ति पाया गया तो उसकी घर वापसी की तैयारी भी यही से शुरू कर दी जाएगी. ऐसे व्यक्ति का मुंडन कराकर गंगाजल और गौमूत्र आचमन के साथ ही घर वापसी कराई जाएगी. वहीं दूसरी ओर इस गंभीर मामले पर डांडिया गरबा में गैर हिंदुओं को अनुमति न हो की मांग विहिप पहले ही कर चुका है.
VHP के कार्यकर्ताओं ने कमिश्नर को दिया ज्ञापन
कानपुर में विश्व हिन्दू परिषद के पदाधिकारियों ने पुलिस आयुक्त को ज्ञापन सौंपा. उन्होंने मांग की है कि नवरात्रि शुरू हो गए हैं जिसमें जगह-जगह डांडिया और गरबा का आयोजन किया जाएगा. ऐसे में गैर हिन्दुओं को डांडिया और गरबा का आयोजन करने की अनुमति न दी जाए. साथ ही कार्यक्रम में आधार कार्ड देखकर ही प्रवेश दिया जाए. वहीं मीडिया से बात करते हुए विश्व हिंदू परिषद के प्रांतीय अध्यक्ष राजीव महान ने बताया कि गरबा कार्यक्रमों में लव जिहाद के खतरे को देखते हुए गैर-हिंदुओं की एंट्री बंद करना जरूरी है.
क्या बोले पुलिस अधिकारी?
पदाधिकारियों का कहना है कि जो लोग मूर्ति पूजा नहीं मानते हैं. उन्हें इस बार प्रवेश नहीं दिया जाएगा. ऐसे लोग सिर्फ माहौल खराब करने के लिए आते हैं. वहीं प्रांत महामंत्री का कहना है कि पिछले कुछ साल से पंडाल में गैर हिंदू युवकों के द्वारा असामाजिक हरकत किए जाने के मामले सामने आए हैं, जिसको लेकर पुलिस अधिकारियों से मुलाकात की गई है. वहीं जॉइंट पुलिस कमिश्नर ने आश्वासन दिया है कि पुलिस फोर्स पर्याप्त मात्रा में लगाया जाएगा. ताकि किसी तरह की अव्यवस्था न होने पाएं.

