खेल

IPL 2026 Auction: मिनी ऑक्शन में सबसे महंगे बिकने वाले 6 खिलाड़ी, जिनके लिए टीमों ने तोड़ दिए सारे रिकॉर्ड

IPL 2026 Mini Auction: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के लिए आज यानी 16, दिसंबर, 2025 को मिनी ऑक्शन होने जा रहा है. हर साल टीमों के लिए ऑक्शन बेहद अहम होता है. इसके जरिए हर टीम अपने समीकरण को परफेक्ट करने की कोशिश करती है. मिनी ऑक्शन की खास बात ये होती है कि टीमों के पास बड़े पर्स नहीं होते, लेकिन मिनी ऑक्शन में लगी बोली मेगा ऑक्शन को भी पीछे छोड़ देती है. यहां हम आपको ऐसे ही 6 खिलाड़ियों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिनके ऊपर टीमों ने मिनी ऑक्शन में बोली लगाकर सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए.

1. मिचेल स्टार्क को IPL 2024 में मिले 24.75 करोड़

ऑस्ट्रेलिया के खूंखार तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क की आईपीएल में पहली एंट्री साल 2015 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के साथ हुई थी. इसके बाद, स्टार्क 9 साल बाद आईपीएल 2024 के मिनी ऑक्शन से लीग में वापस आए थे. इस मिनी ऑक्शन में स्टार्क को लेकर कोलकाता नाइट राइडर्स, दिल्ली कैपिटल्स, मुंबई इंडियंस और गुजरात टाइटंस में जबरदस्त होड़ देखने को मिली थी. आखिरकार केकेआर ने उन्हें 24.75 करोड़ रुपये के रिकॉर्ड प्राइस में खरीदा, जो उस समय केकेआर के कुल पर्स का 75.69% हिस्सा थी.

2. पैट कमिंस को भी IPL 2024 में ही मिले 20.5 करोड़  

ऑस्ट्रेलिया के मौजूदा कप्तान पैट कमिंस को सनराइजर्स हैदराबाद ने IPL 2024 के मिनी ऑक्शन में 20.50 करोड़ रुपये में खरीदा था. मिचेल स्टार्क से कुछ ही मिनट पहले आईपीएल इतिहास का सबसे महंगा खिलाड़ी बनने का रिकॉर्ड कमिंस ने बनाया था और ये पहला मौका था, जब आईपीएल इतिहास में किसी खिलाड़ी को 20 करोड़ रुपये से ज्यादा की रकम मिली थी. हालांकि, कमिंस ने उस सीजन में 9.27 के महंगे इकोनॉमी रेट से महज 18 विकेट लिए, लेकिन उन्होंने अपनी कप्तानी में टीम को 8 साल बाद फाइनल तक पहुंचाया था.

3. सैम करन को IPL 2023 में मिले 18.5 करोड़ 

इंग्लैंड के स्टार ऑलराउंडर सैम करन को पंजाब किंग्स ने IPL 2023 के मिनी ऑक्शन में 18.5 करोड़ रुपये में खरीदा था. करन ने टी20 वर्ल्ड कप 2022 में ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ अवॉर्ड जीता था, जिसके चलते IPL 2023 के मिनी ऑक्शन में उनकी भारी डिमांड थी. उस सीजन में करन ने कुछ खास प्रदर्शन नहीं किया था. जहां उन्होंने 48.90 के औसत से रन लुटाए, लेकिन बल्ले से 135.96 के स्ट्राइक रेट से 276 रन बनाए थे. फिर भी उन्हें पंजाब किंग्स अगले सीजन में बरकरार रखते हुए टीम की कप्तानी भी सौंपी थी.

4. कैमरन ग्रीन को भी IPL 2023 में ही मिले 17.5 करोड़ 

ऑस्ट्रेलिया के स्टार ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन को मुंबई इंडियंस ने IPL 2023 के मिनी ऑक्शन में 17.5 करोड़ रुपये में खरीदा था. मुंबई इंडियंस ने IPL 2022 में हार्दिक पंड्या को रिलीज कर दिया था, जिस वजह से उसे एक बेहतरीन ऑलराउंडर की तलाश थी. इसके चलते मुंबई इंडियंस ने कैमरन ग्रीन को खरीदने के लिए पूरी जान झोंक दी थी. उस सीजन ग्रीन ने शानदार खेल दिखाया और 160.28 के स्ट्राइक रेट से कुल 452 रन बनाए. इसमें सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 201 रन का टारगेट चेज करते हुए शतक लगाकर मुंबई को प्लेऑफ में एंट्री दिलाई थी.

5. बेन स्टोक्स को IPL 2023 में ही मिले 16.25 करोड़ 

इंग्लैंड के मौजूदा टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स को चेन्नई सुपर किंग्स ने IPL 2023 के मिनी ऑक्शन में 16.25 करोड़ रुपये में खरीदा था. स्टोक्स भी उन ऑलराउंडर्स में शामिल हैं, जिनके लिए IPL 2023 का मिनी ऑक्शन लकी साबित हुआ था. लेकिन ये सौदा सीएसके के लिए फायदे का नहीं रहा. स्टोक्स के स्लिप होकर गिरने से उनके बाएं घुटने की चोट उभर आई, जिसके चलते पूरे सीजन में केवल दो मैच ही खेल सके. जिसमें उन्होंने 15 रन बनाए और केवल 1 ओवर फेंका. इस सीजन के बाद स्टोक्स कभी आईपीएल नहीं खेल पाए हैं.

6. क्रिस मौरिस को IPL 2021 में मिले 16.25 करोड़ 

दक्षिण अफ्रीका के ऑलराउंडर क्रिस मौरिस को राजस्थान रॉयल्स ने IPL 2021 के मिनी ऑक्शन में 16.25 करोड़ रुपये में खरीदा था, जो उस समय किसी भी IPL Auction में एक प्लेयर को दी गई सबसे बड़ी रकम थी. मौरिस ने IPL 2021 में 11 मैच में 9.17 के इकोनॉमी रेट से 15 विकेट लिए और महज 13.40 के एवरेज से ही रन बना पाए. इस सीजन के बाद उन्हें आईपीएल में कभी खेलने का मौका नहीं मिला.

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button