गाजीपुर: 5 महीने से ढूंढ़ रहा था अपनी लापता पत्नी, फिर 7 साल के बेटे ने खोला ऐसा राज, सीधा थाने पहुंचा पति

सांकेतिक तस्वीर
उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में एक शख्स की पत्नी पिछले 5 महीने से लापता है. वह अपनी पत्नी को 5 महीने से ढूंढ़ रहा है, लेकिन उसका कहीं कुछ पता नहीं चल पा रहा था. इसी बीच उसके 7 साल के बेटे ने बताया कि उसके एक जानकार ने उसकी अपनी मम्मी से फोन पर बात कराने के लिए कहा था, लेकिन पिता को बताने पर जान से मारने की धमकी दी थी. ऐसे में बेटा डर गया था और उसने पिता से ये बात नहीं बताई थी.
ये मामला कोतवाली इलाके के रजदेपुर टेढ़वा का है, जहां रहने वाले रिंकू राम की पत्नी 5 महीने से गायब है. वह लगातार दर-दर ठोकरें खाकर हर जगह अपनी पत्नी को खोज रहा था. इसी बीच 11 नवंबर को अचानक रिंकू के 7 साल के बेटे ने अपने पिता को बताया कि उसके घर आने वाले वारिस चाचा ने एक दिन उसे अपनी मम्मी से बात कराने की बात कही थी और इस बात को रिंकू से नहीं बताने और जान से मारने की धमकी भी दी थी, जिससे उसका बेटा काफी डर गया था. अब उसने पिता को परेशान देखकर उन्हें ये बात बताई.
‘तुम्हारी पत्नी को मैंने गायब किया’
दरअसल, रिंकू राम के घर पर बरबरहना इलाके के रहने वाले वारिस का आना-जाना था. वारिस की पत्नी से भी बातचीत थी. वारिस रौजा इलाके में बैटरी की दुकान पर काम करता है. पत्नी के गायब होने के बाद रिंकू अपने बेटे को लेकर वारिस की दुकान पर पहुंचा. रिंकू ने अपनी पत्नी के बारे में वारिस से पूछा तो वारिस ने रिंकू के साथ गाली गलौज शुरू कर दी और कहा कि तुम्हारी पत्नी को मैंने गायब किया है. तुम्हें जो करना है, कर लो, चाहे तो मुकदमा भी कर दो. इतना ही नहीं वारिस ने रिंकू को जान से मारने की भी धमकी दी.
पुलिस मामले की जांच में जुटी
इसके बाद रिंकू ने पुलिस अधीक्षक को इस संबंध में पत्र दिया. रिंकू ने प्रधानमंत्री कार्यालय, गृह मंत्री और उत्तर प्रदेश सरकार के साथ कई अन्य जगहों पर भी पत्र भेज कर अपनी पत्नी को बरामद करने की गुहार लगाई. पुलिस अधीक्षक ने तत्काल इस मामले में सदर कोतवाली को मुकदमा दर्ज करने का निर्देश दिया, जिस पर कोतवाली पुलिस ने नामजद अभियुक्त वारिस के खिलाफ एससी एसटी एक्ट के साथ ही कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया और आगे की कार्रवाई में जुट गई.

