उत्तर प्रदेशभारत

‘5 लाख की डिमांड, 50000 लेकर छोड़ा’… मुजफ्फरनगर पुलिस ने युवक को किया टॉर्चर, थाने में खुद को लगा दी आग

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जिसमें एक युवक ने पुलिस प्रताड़ना से परेशान होकर खुद पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा ली. युवक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसे प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों द्वारा दिल्ली रेफर कर दिया गया. इस दौरान युवक ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं. एसएसपी ने मामले पर संज्ञान लेते हुए एसपी को जांच सौंपी है.

पीड़ित युवक का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें वह घायल अवस्था में कुछ पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप लगा रहा है. मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी जांच एसएसपी मुजफ्फरनगर द्वारा एसपी ग्रामीण को सौंपी गई है.

युवक ने पेट्रोल छिड़ककर लगाई आग

बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र के हुसैनपुर गांव में अनस नाम के एक युवक ने बुधवार को खुद पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा ली थी. आग से झुलसने के बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गया था. परिजनों ने उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे दिल्ली रेफर कर दिया था.

इस दौरान घायल अवस्था में पीड़ित युवक अनस का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में वह बुढ़ाना कोतवाली पुलिस पर मारपीट का आरोप लगाते हुए 5 लाख रुपए रिश्वत के लिए मांगे जाने का आरोप लगा रहा है. इस वीडियो में वह कह रहा है कि 50 हजार रुपये देने के बाद उसे छोड़ा गया था, लेकिन उससे पहले उसकी पिटाई की गई थी. परेशान होकर उसने खुद को आग के हवाले कर आत्मदाह का प्रयास किया था.

पुलिस प्रताड़ना से था परेशान

जानकारी के मुताबिक, पीड़ित युवक कस्बा बुढ़ाना में मोबाइल की दुकान चलाता है लेकिन पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था. हालांकि अभी तक ये साफ नहीं हो पाया है कि पुलिस ने उसे किस मामले में उठाया था.

मुजफ्फरनगर एसपी संजय कुमार वर्मा द्वारा इस मामले की विभागीय जांच एसपी ग्रामीण आदित्य बंसल को सौंपी गई है. इस मामले में जो भी पुलिसकर्मी दोषी पाया जाएगा उसके विरुद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी.

(रिपोर्ट-रविंद्र सिंह/मुजफ्फरनगर)

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button