उत्तर प्रदेशभारत

Gorakhpur News: ‘बिल्ली घर गंदा कर दे रही’… बड़े पापा से की शिकायत तो छत से फेंका, युवक के दोनों हाथ टूटे

Gorakhpur News: ‘बिल्ली घर गंदा कर दे रही’… बड़े पापा से की शिकायत तो छत से फेंका, युवक के दोनों हाथ टूटे

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में बिल्ली को लेकर दो भाइयों के परिवारों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक को कथित तौर पर मारपीट कर छत से धक्का दे दिया गया. इस घटना में युवक के दोनों हाथ टूट गए. पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. घटना जिले के तिवारीपुर थाना क्षेत्र की है.

जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के कच्चीबाग निवासी 30 वर्षीय मोहम्मद शहजादे ने थाने में तहरीर देकर बताया कि वह अपने बड़े पापा के परिवार के साथ एक ही घर में अलग-अलग रहते हैं. उनके बड़े पापा की बिरयानी की दुकान है और उनका काम घर से ही चलता है.

शहजादे का आरोप है कि उनके बड़े पापा ने एक बिल्ली पाल रखी है, जो अक्सर उनके कमरे और किचन में आकर गंदगी फैला देती थी. इससे घर में बदबू फैल जाती थी और उन्हें रोजाना सफाई करनी पड़ती थी. इस बात को लेकर वह कई बार अपने बड़े पापा से शिकायत कर चुके थे, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला.

शिकायत करने पर मारपीट का आरोप

पीड़ित का आरोप है कि बुधवार को भी बिल्ली ने घर में कई जगह गंदगी फैला दी थी. इसी बात की शिकायत करने वह अपने बड़े पापा के पास गया. इस दौरान विवाद बढ़ गया और आरोप है कि बड़े पापा के परिवार के लोगों ने उसके साथ मारपीट की.पीड़ित के मुताबिक आरोपियों ने मारपीट करने के बाद उसे छत से धक्का दे दिया, जिससे वह नीचे गिरकर बेहोश हो गया.

अस्पताल में चला इलाज, दोनों हाथ टूटे

घटना के बाद परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां जांच में पता चला कि उसके दोनों हाथ टूट गए हैं. डॉक्टरों ने उसका ऑपरेशन किया है. इस मामले में तिवारीपुर थाना प्रभारी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित मोहम्मद शहजादे की तहरीर पर सन्नू और सना खातून के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. मामले की जांच उप निरीक्षक को सौंपी गई है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button