उत्तर प्रदेशभारत

‘बिना लात खाये…’ मिर्जापुर में अफसरों पर भड़के BJP विधायक, Video वायरल

‘बिना लात खाये…’ मिर्जापुर में अफसरों पर भड़के BJP विधायक, Video वायरल

Mirzapur BJP MLA Ratnakar Mishra News:उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर के बीजेपी विधायक रत्नाकर मिश्रा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में वह जल जीवन मिशन के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते नजर आ रहे हैं. इस दौरान अपशब्द भाषा में भी बात करते हुए दिखे.

मंगलवार को विधायक रत्नाकर मिश्रा कोन ब्लॉक के गोबरहा गांव में योजनाओं की जमीनी हकीकत जानने पहुंचे थे. इस दौरान उनके साथ नमामि गंगे विभाग की एडीएम विजेता भी मौजूद थीं. निरीक्षण के दौरान स्थानीय ग्राम प्रधान और ग्रामीणों ने विधायक से शिकायत की कि गांवों में नल तो लगाए गए हैं, लेकिन उनमें पानी नहीं आ रहा है. लोगों ने आरोप लगाया कि योजना का लाभ उन्हें नहीं मिल पा रहा है.

गांववालों की शिकायत सुनकर भड़के विधायक

गांववालों की शिकायत सुनने के बाद विधायक का गुस्सा भड़क गया. उन्होंने मौके पर मौजूद जल जीवन मिशन के अधिकारियों से सवाल किया कि आखिर किस गांव में नियमित रूप से पानी की आपूर्ति हो रही है. जब अधिकारियों ने जवाब दिया कि पाइपलाइन डैमेज होने की वजह से समस्या उत्पन्न हुई है, तो विधायक इस स्पष्टीकरण से संतुष्ट नहीं हुए.

विधायक रत्नाकर मिश्रा ने सख्त लहजे में अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि यह केवल पाइपलाइन की खराबी का मामला नहीं है, बल्कि पूरे क्षेत्र में जल आपूर्ति बाधित है. उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारी सही जानकारी नहीं दे रहे हैं और काम में लापरवाही बरत रहे हैं.

वीडियो में दिख रहा है कि बीजेपी विधायक कर्मचारियों पर भड़कते हुए कह रहे हैं कि बिना लात खाये बोकरादी कर रहे हो. इसी दौरान उन्होंने कड़े शब्दों का इस्तेमाल करते हुए यहां तक कह दिया कि ज्यादा बहानेबाजी मत करो, नहीं तो डंडे से ठीक कर दिए जाओगे.

विधायक ने दिया अल्टीमेटम

विधायक ने अधिकारियों को 22 तारीख तक व्यवस्था दुरुस्त करने का अल्टीमेटम भी दिया. उन्होंने स्पष्ट कहा कि अगर तय समय सीमा तक स्थिति में सुधार नहीं हुआ, तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. साथ ही उन्होंने मौके पर मौजूद एडीएम से निर्देश दिया कि संबंधित अधिकारियों के खिलाफ लिखित कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की जाए.

रिपोर्ट- जय प्रकाश सिंह, मिर्जापुर

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button