दोस्त ने 10 लाख रुपए की सुपारी देकर कराई थी हत्या… बिजनौर डाॅ. राजकुमार हत्याकांड में बड़ा खुलासा


उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के नगीना में हुए डॉक्टर राजकुमार हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने इस मामले में शूटर समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. जांच में सामने आया है कि डॉक्टर राजकुमार की हत्या उनके ही दोस्त और पूर्व साझेदार डॉक्टर नीरज ने 10 लाख रुपये की सुपारी देकर कराई थी.
मामले का खुलासा करते हुए एसएसपी अभिषेक झा ने बताया कि गिरफ्तार शूटर विकास उर्फ छोटू ने पूछताछ में बताया कि डॉक्टर नीरज ने डॉक्टर राजकुमार की हत्या के लिए उसे 10 लाख रुपये की सुपारी दी थी, जिसमें से ढाई लाख रुपये एडवांस के तौर पर दिए गए थे.
पहले थे दोस्त फिर ऐसे हुई दुश्मनी
पुलिस के मुताबिक, डॉ. नीरज और डॉ. राजकुमार साल 2018 में गाजियाबाद के एक निजी अस्पताल में साथ प्रैक्टिस करते थे और दोनों के बीच गहरी दोस्ती थी. बाद में साल 2022 में दोनों ने बिजनौर के नगीना-धामपुर रोड पर साझेदारी में सुमित्रा नर्सिंग होम नाम से अस्पताल खोला था. इस अस्पताल की बिल्डिंग के लिए डॉक्टर नीरज ने अपनी गारंटी पर बैंक से लोन लिया था.
ऐसे हुई दोनों में दुश्मनी
करीब डेढ़ साल बाद डॉक्टर राजकुमार ने साझेदारी से अलग होकर उसी रोड पर शिवालय हेल्थकेयर नाम से अपना नर्सिंग होम खोल लिया. दोनों अस्पताल एक ही सड़क पर होने के कारण आपसी प्रतिस्पर्धा बढ़ गई. बताया जा रहा है कि डॉ. राजकुमार के अस्पताल में मरीज ज्यादा आने लगे, जिससे सुमित्रा नर्सिंग होम में मरीज कम पहुंचने लगे. इसी वजह से डॉ. नीरज को बैंक लोन की किस्तें चुकाने में भी परेशानी होने लगी और वह डॉक्टर राजकुमार से नाराज रहने लगा.
कैसे हुई राजकुमार की हत्या?
पुलिस के अनुसार, डॉक्टर नीरज ने अपने गांव के निवासी विकास उर्फ छोटू से डॉक्टर राजकुमार की हत्या की बात की. विकास ने 10 लाख रुपये में हत्या करने का सौदा तय कर लिया और ढाई लाख रुपये एडवांस ले लिए.
इसके बाद विकास ने डॉक्टर नीरज के परिचित राजन से 315 बोर का तमंचा लिया और 5 मार्च को शाम करीब 6:45 बजे डॉक्टर राजकुमार के क्लीनिक पर पैथोलॉजी पर्चा दिखाने के बहाने पहुंचा. इसी दौरान उसने डॉक्टर को गोली मार दी और मौके से फरार हो गया.
ऐसे हुआ खुलासा
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि डॉक्टर राजकुमार का अपनी पत्नी से तलाक हो चुका था. आरोपी डॉक्टर नीरज को उम्मीद थी कि हत्या का शक उनकी तलाकशुदा पत्नी और उसके परिजनों पर जाएगा, लेकिन सीसीटीवी फुटेज में शूटर कैद हो जाने के कारण पुलिस ने जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया.
तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने शूटर विकास उर्फ छोटू, साजिशकर्ता डॉक्टर नीरज और हथियार उपलब्ध कराने वाले राजन को गिरफ्तार कर लिया है. विकास के पास से हत्या में इस्तेमाल किया गया तमंचा और सुपारी की एडवांस रकम में से 2 लाख 20 हजार रुपये बरामद किए गए हैं. पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
