विश्व

जहाज पर हमले के बाद ईरान ने दे डाली वॉर्निंग- ‘अब जवाब…’

कैस्पियन सागर में ईरान के एक वाणिज्यिक जहाज पर हुए हमले के बाद ईरान और यूक्रेन के बीच तनाव और बढ़ गया है. ईरान ने इस घटना को अंतरराष्ट्रीय कानून और संयुक्त राष्ट्र चार्टर का उल्लंघन बताते हुए यूक्रेन को कड़ी चेतावनी दी है. विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने साफ कहा कि इस हमले का जवाब जरूर दिया जाएगा और इसे बिना प्रतिक्रिया के नहीं छोड़ा जाएगा.

ईरान ने शनिवार को सार्वजनिक रूप से आरोप लगाया था कि यूक्रेन ने कैस्पियन सागर में उसके एक वाणिज्यिक जहाज को निशाना बनाया. विदेश मंत्रालय के अनुसार, शनिवार तड़के हुए इस हमले के बाद जहाज में विस्फोट हुआ, जिसमें एक नाविक की मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया.

यूरोपीय संघ और रूस से भी उठाया मुद्दा

विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने बताया कि उन्होंने इस घटना को लेकर यूरोपीय संघ की विदेश नीति प्रमुख काजा कैलास और रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव से अलग-अलग बातचीत की.  अराघची ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने एक ईरानी वाणिज्यिक जहाज पर हमला किया, जिसमें एक नाविक की जान चली गई. उन्होंने इसे संयुक्त राष्ट्र चार्टर का खुला उल्लंघन बताते हुए आरोप लगाया कि यह कदम इजराइल के इशारे पर उठाया गया, ताकि यूरोप को युद्ध में और गहराई तक खींचा जा सके.

ये भी पढ़ें: CAA से किसान आंदोलन तक… 12 साल की मोदी सरकार में पहला इस्तीफा, भारी बवाल के बाद धर्मेंद्र प्रधान को छोड़ना पड़ा पद

उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं से बातचीत के दौरान उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि कीव द्वारा उठाया गया यह कदम बिना जवाब के नहीं छोड़ा जाएगा.

ईरान बोला- रूस-यूक्रेन युद्ध में नहीं है हमारी कोई भूमिका

ईरान के विदेश मंत्रालय ने कहा कि हमले के बाद जहाज में विस्फोट हुआ, जिससे चालक दल के सदस्यों की मौत और घायल होने की घटना हुई. मंत्रालय ने यह भी दोहराया कि इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान का रूस-यूक्रेन युद्ध में कोई हस्तक्षेप नहीं रहा है. ईरान ने उन दावों को भी खारिज किया जिनमें उसे इस संघर्ष में किसी पक्ष का सहयोगी बताया जाता रहा है.

जेलेंस्की ने लंबी दूरी के हमलों की पुष्टि की

दूसरी ओर यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन ने कैस्पियन सागर में लंबी दूरी की सैन्य कार्रवाई की है. यूक्रेन की खुफिया एजेंसियों ने टेलीग्राम पर दावा किया कि ड्रोन हमले उन मालवाहक जहाजों पर किए गए, जो अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंधों के दायरे में थे और जिनका इस्तेमाल ईरान और रूस के बीच सैन्य सामान की ढुलाई के लिए किया जा रहा था.

यूक्रेन के राजनयिक को तलब किया

घटना के बाद ईरानी सरकारी टीवी ने बताया कि विदेश मंत्रालय ने शनिवार को यूक्रेन के कार्यवाहक राजनयिक (चार्ज डी’अफेयर्स) को तलब किया. ईरान ने इस हमले को शत्रुतापूर्ण और आपराधिक कृत्य करार देते हुए कड़ा राजनयिक विरोध दर्ज कराया और आधिकारिक माध्यमों से यूक्रेन के सामने अपना विरोध प्रकट किया.

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button