उत्तर प्रदेशभारत

मानहानि केसः सुल्तानपुर कोर्ट में राहुल गांधी ने दर्ज कराया बयान, प्रचार के दौरान अमित शाह के खिलाफ की थी टिप्पणी

मानहानि केसः सुल्तानपुर कोर्ट में राहुल गांधी ने दर्ज कराया बयान, प्रचार के दौरान अमित शाह के खिलाफ की थी टिप्पणी

कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज शुक्रवार को भारी सुरक्षा के बीच सुल्तानपुर डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में पेश हुए और गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ टिप्पणी से जुड़े मानहानि केस में सीआरपीसी 313 के तहत बयान दर्ज कराया. मामले की अगली सुनवाई अब 9 मार्च को होगी. वहीं बयान दर्ज कराने के बाद लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष अपनी पार्टी के कई नेताओं के साथ लखनऊ के लिए रवाना हो गए.

बयान दर्ज कराने के लिए राहुल सुबह करीब 11 बजे कोर्ट में हाजिर हुए. वहां उन्होंने मानहानि केस में अपना बयान दर्ज कराया. फिर राहुल पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी के साथ लखनऊ के लिए रवाना हो गए. अगली सुनवाई 9 मार्च को होगी. इससे पहले राहुल पिछले महीने 19 जनवरी को सुल्तानपुर में MP-MLA कोर्ट में सुनवाई के दौरान पेश नहीं हो सके थे, जिसके बाद कोर्ट ने अगली तारीख 20 फरवरी तय की थी.

किसने दर्ज किया था मानहानि का केस

मानहानि से जुड़ा यह मामला अक्टूबर 2018 का है. तब सुल्तानपुर जिले के हनुमानगंज इलाके के बीजेपी के स्थानीय नेता विजय मिश्रा ने कोर्ट में राहुल गांधी के खिलाफ केस दर्ज किया था. विजय मिश्रा ने आरोप लगाया कि अगस्त 2018 में कर्नाटक में एक प्रचार के दौरान, राहुल ने अमित शाह के बारे में गलत बातें कहीं, जो उस समय भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष थे.

शिकायतकर्ता ने कांग्रेस नेता के उस बयान का जिक्र किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि बीजेपी ईमानदार और साफ-सुथरी राजनीति का वादा करती है, जबकि इसे एक ऐसे पार्टी अध्यक्ष लीड कर रहे हैं जो एक हत्या के केस के आरोपी हैं. हालांकि फरवरी 2024 में सुल्तानपुर की कोर्ट ने इस केस में राहुल को जमानत दे दी थी.

सुल्तानपुर से लखनऊ होते हुए दिल्ली लौटेंगे राहुल

इससे पहले लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज सुबह भारी सुरक्षा के बीच लखनऊ एयरपोर्ट से सुल्तानपुर डिस्ट्रिक्ट कोर्ट के लिए रवाना हुए. पार्टी नेताओं का कहना है कि वह सुबह करीब 11 बजे तक सिविल कोर्ट पहुंचेंगे. उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने इस बारे में बताया, “उन्हें सुल्तानपुर कोर्ट जाना है. आज तारीख है, और वे (राहुल) खुद कोर्ट में पेश होंगे. पार्टी कार्यकर्ताओं समेत कई लोग आ रहे हैं और उनसे मिलेंगे.”

वहीं पार्टी के एक अन्य नेता अखिलेश प्रताप सिंह ने सुबह राहुल की यात्रा के बारे में बताया, “राहुल गांधी दिल्ली एयरपोर्ट से लखनऊ आने वाले हैं. यहां से, वे एक केस में पेश होने और कार्रवाई में हिस्सा लेने के लिए सुल्तानपुर कोर्ट जाएंगे. उसके बाद, वे लखनऊ लौटेंगे और फिर दिल्ली वापस जाएंगे.”



Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button