Crime In Hyderabad A 25-year-old Man Murdered By Wife Brothers

Hyderabad crime news: तेलंगाना में एक महिला के भाइयों ने उसके पति की हत्या कर दी. हैदराबाद (Hyderabad) पुलिस की ओर से घटना के बारे में जानकारी दी गई. बताया जा रहा है कि महिला के भाइयों ने उसके पति को इसलिए मार डाला क्योंकि उस (महिला) ने अपने परिवार के सदस्यों की मर्जी के खिलाफ जाकर शादी की थी.
पत्नी के भाइयों ने पति को मार डाला
पुलिस के अनुसार, घटना रविवार रात लंगर हौज एरिया में अंजाम दी गई. मृतक की आयु 25 साल बताई जा रही है. प्रारंभिक पड़ताल में सामने आया कि 25 वर्षीय युवक को उसकी पत्नी के दो भाइयों ने मारा. स्थानीय समाचार चैनलों पर घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी दिखाया गया, जिसमें कथित तौर पर दो व्यक्तियों को सड़क पर दौड़ते हुए एक व्यक्ति का पीछा करते हुए और बाद में उस पर “हमला” करते हुए देखा गया.
धारदार हथियार से किया गया हमला
पुलिस के मुताबिक, 25 वर्षीय युवक पर धारदार हथियार से हमला किया गया, जिससे उसकी मौत हो गई. प्रारंभिक जांच के आधार पर, एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि कथित रूप से युवक को उसकी पत्नी के दो भाइयों द्वारा मारा गया, जिसने पिछले साल महिला से शादी की थी, और उस (महिला) के परिवार के सदस्यों ने शादी का विरोध किया था.
बहन की मर्जी से खफा थे भाई
पुलिस ने कहा कि महिला, जिसकी सगाई किसी अन्य व्यक्ति के साथ तय हुई थी, उसने पिछले साल घर छोड़ दिया था और अपनी पसंद के युवक से शादी कर ली थी. इससे उस (महिला) के भाई खफा थे. पुलिस ने बताया कि घटना के बाद केस दर्ज किया गया है. यह पूछे जाने पर कि क्या आरोपियों को हिरासत में लिया गया है, अधिकारी ने कहा कि आगे की जांच जारी है.

