उत्तर प्रदेशभारत

कहां गए राम नारायण बाजपेई? ढाई महीने से लापता, परिवार से मांगी गई 25 लाख की फिरौती!

Lucknow News: कहां गए राम नारायण बाजपेई? ढाई महीने से लापता, परिवार से मांगी गई 25 लाख की फिरौती!

राम नारायण बाजपेई (फाइल फोटो).

Lucknow News: लखनऊ में एक बुजुर्ग के लापता होने का मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है. गणेशगंज की ग्रेन मार्केट के रहने वाले राम नारायण बाजपेई पिछले करीब ढाई महीने से लापता हैं. परिवार का आरोप है कि उनका अपहरण किया गया और उन्हें छोड़ने के बदले 25 लाख रुपए की फिरौती मांगी गई है. रुपए नहीं देने पर हत्या की धमकी भी दी गई है. परिवार का कहना है कि इस मामले में पुलिस से कई बार शिकायत की गई, लेकिन अब तक राम नारायण बाजपेई का कोई पता नहीं चल सका है. काफी कोशिशों के बाद 22 नवंबर को अमीनाबाद थाने में इस मामले में FIR दर्ज की गई.

राम नारायण बाजपेई की बेटी आंचल बाजपेई पाठक की शिकायत पर अमीनाबाद थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है. शिकायत में घटना की अवधि 19 सितंबर से 3 नवंबर तक बताई गई है. बेटी का कहना है कि पिता के लापता होने के बाद से ही उनकी तलाश की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस जानकारी नहीं मिली है.

FIR में 5 लोगों के नाम

परिवार की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत में पांच लोगों के नाम शामिल हैं. इनमें शिवम गुप्ता उर्फ शोभित कृष्ण शुक्ला, राजकुमार गुप्ता, रामेश्वरी गुप्ता, लक्ष्मी गुप्ता और ड्राइवर नीतू कनौजिया के नाम हैं. परिजनों ने इन सभी की भूमिका की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है. परिवार का आरोप है कि इन लोगों से जुड़े कई अहम पहलू सामने आने के बावजूद पुलिस ने अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं की है.

25 लाख रुपए की फिरौती मांगने का आरोप

FIR में दर्ज शिकायत के मुताबिक, 9005566415 नंबर से वॉट्सऐप कॉल के जरिए परिवार के लोगों से संपर्क किया गया था. आरोप है कि 21 अक्टूबर को पहली बार पांच हजार रुपए मांगे गए. इसके बाद 2 नवंबर को अधिक रकम देने का दबाव बनाया गया और रुपए नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी गई. शिकायत में अलग-अलग लोगों से फिरौती मांगने का भी जिक्र है.

आरोप है कि 3 नवंबर को दोपहर 2 बजकर 46 मिनट पर बुजुर्ग के मित्र लक्ष्मी चौरसिया से एक लाख रुपए मांगे गए. इसके करीब एक घंटे बाद दोपहर 3 बजकर 42 मिनट पर बेटी शुचि शुक्ला से चार लाख रुपए की मांग की गई. वहीं दामाद पुष्कर पाठक से 25 लाख रुपए मांगे जाने का आरोप है. परिवार का कहना है कि रकम नहीं देने पर राम नारायण बाजपेई को जान से मारने की धमकी दी गई.

इस पूरे मामले में अयोध्या के एक होटल का भी जिक्र किया गया है. परिवार की शिकायत के मुताबिक, राम नारायण बाजपेई और शिवम गुप्ता को ड्राइवर नीतू कनौजिया होटल में छोड़कर गया था. आरोप है कि बाद में पुलिस के वहां पहुंचने की तैयारी के दौरान होटल संचालक ने संबंधित लोगों को अपनी गाड़ी से गोंडा रेलवे स्टेशन पहुंचाया. इसके बाद उन्हें दिल्ली जाने वाली ट्रेन में बैठा दिया गया. परिवार ने इस पूरे घटनाक्रम की जांच की मांग की है.

ये भी पढ़ें- लखनऊ के 9 बड़े अस्पतालों की फार्मेसियों पर गिरी गाज, FSDA ने सस्पेंड किए लाइसेंस

बुजुर्ग की तलाश में परिवार लगातार अधिकारियों के चक्कर काट रहा है. परिजनों के मुताबिक, उनकी बेटी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनता दरबार में भी शिकायत दे चुकी है. इसके अलावा बेटे और बेटी ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात कर मामले में हस्तक्षेप करने और राम नारायण बाजपेई की सकुशल बरामदगी कराने की मांग की है.

परिवार का आरोप है कि जिस व्यक्ति पर अपहरण में शामिल होने का शक है, उसके घर का पता भी लगा लिया गया है. इसकी जानकारी पुलिस को भी दी जा चुकी है. इसके बावजूद अब तक कोई ठोस नतीजा सामने नहीं आया है. परिजनों का यह भी आरोप है कि FIR में नामजद लोगों से पूछताछ तक नहीं की गई है.

SI राहुल सिंह को सौंपी गई मामले की जांच

FIR के मुताबिक, मामले की विवेचना सब-इंस्पेक्टर राहुल सिंह को सौंपी गई है. वहीं थाना प्रभारी इंस्पेक्टर प्रभातेश कुमार के हस्ताक्षर भी FIR पर दर्ज हैं. अब परिवार की मांग है कि पुलिस सभी नामजद लोगों से पूछताछ करे और अयोध्या के होटल से लेकर गोंडा रेलवे स्टेशन तक के घटनाक्रम की गंभीरता से जांच करे. वहीं मामले को लेकर अमीनाबाद थाना प्रभारी प्रभातेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है. राम नारायण बाजपेई की तलाश की जा रही है.

सफी अहमद

सफी अहमद

सफी अहमद, राजधानी लखनऊ के वरिष्ठ पत्रकार हैं और करीब डेढ़ दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. पत्रकारिता उनके लिए सिर्फ पेशा नहीं, बल्कि एक जुनून है. इसी जुनून को जमीन पर उतारते हुए उन्होंने लखनऊ की जमीनी हकीकत से लेकर प्रदेश के राजनीतिक गलियारों तक की खबरों को करीब से कवर किया है. सफी अहमद की खास पकड़ क्राइम रिपोर्टिंग पर रही है. अपराध की खबरों की तह तक जाना, घटनाओं के पीछे की कहानी सामने लाना और सबसे पहले सटीक जानकारी पाठकों और दर्शकों तक पहुंचाना उनकी पत्रकारिता की प्रमुख पहचान रही है.

कई बड़ी और चर्चित घटनाओं की कवरेज में सफी अहमद की सक्रिय भूमिका रही है. 2020 के कानपुर बिकरू कांड, 2022 के अलाया होटल अग्निकांड और 2026 के अलीगंज अग्निकांड जैसी घटनाओं पर उन्होंने लगातार नजर बनाए रखी और घटनाक्रम से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां सबसे पहले साझा करने का प्रयास किया. ऐसी घटनाओं में 24 घंटे लगातार अपडेट रहने और खबर की तह तक पहुंचने का उनका अनुभव उनकी पत्रकारिता की महत्वपूर्ण ताकत है.

सफी अहमद ने पत्रकारिता की शुरुआत एक साप्ताहिक पत्रिका और न्यूज पोर्टल के साथ की. इसके बाद उन्हें PPN न्यूज़, APN न्यूज़ और K न्यूज़ जैसे संस्थानों में काम करने का अवसर मिला. विभिन्न संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने रिपोर्टिंग के अलग-अलग आयामों को करीब से समझा और अपनी पत्रकारिता को लगातार मजबूत किया. करीब चार वर्षों के अनुभव के बाद उन्हें TV9 भारतवर्ष के साथ काम करने का अवसर मिला. पिछले 6 वर्षों से TV9 भारतवर्ष के साथ जुड़े हुए सफी अहमद लखनऊ से लगातार पत्रकारिता कर रहे हैं. इस दौरान उन्होंने पूरी ईमानदारी, निष्पक्षता और निष्ठा के साथ खबरों को जमीन से उठाकर दर्शकों तक पहुंचाने का प्रयास किया है.

Read More

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button