उत्तर प्रदेशभारत

राजस्थान में शीतलहर का अलर्ट, कश्मीर में पारा माइनस में; 5 राज्यों में बारिश…दिल्ली समेत UP-बिहार का क्या है हाल?

राजस्थान में शीतलहर का अलर्ट, कश्मीर में पारा माइनस में; 5 राज्यों में बारिश…दिल्ली समेत UP-बिहार का क्या है हाल?

मौसम का हाल

India Weather Update: देश के अलग-अलग राज्यों में ठंड का असर बढ़ने लगा है. दिल्ली में गुरुवार को न्यूनतम तापमान गिरकर 9 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है और इस सीजन का अब तक का सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया है. वहीं, शुक्रवार को भी अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. राजस्थान में शीतलहर चलने की चेतावनी जारी की गई है, जबकि कश्मीर के कई इलाकों में तापमान जीरो से नीचे बना हुआ है. मौसम विभाग ने उत्तर भारत के कई राज्यों में घने कोहरे और दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में बारिश का अनुमान जताया है.

दिल्ली में गुरुवार को इस मौसम का सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया. राजधानी के प्रमुख मौसम केंद्र सफदरजंग में न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.3 डिग्री कम 9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. वहीं, अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.5 डिग्री अधिक है. अधिकतम तापमान का यह स्तर भी इस मौसम का अब तक का सबसे कम स्तर रहा. इससे पहले 24 नवंबर को भी अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था.

राजस्थान में शीतलहर की चेतावनी

राजस्थान में ठंड का असर तेज होने लगा है. शेखावाटी समेत कई इलाकों में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है. मौसम केंद्र जयपुर ने 27 से 30 नवंबर के बीच शेखावाटी क्षेत्र, अजमेर संभाग और कोटा संभाग में कुछ जगहों पर शीतलहर चलने की चेतावनी दी है. इस दौरान शेखावाटी में न्यूनतम तापमान 4 से 6 डिग्री, जबकि अजमेर और कोटा संभाग में 8 से 11 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.

मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के अधिकतर हिस्सों में अगले 10 दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा. इस दौरान तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है.

श्रीनगर में सीजन की सबसे ठंडी रात

कश्मीर घाटी में ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है. श्रीनगर में गुरुवार को इस सीजन की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई. यहां न्यूनतम तापमान शून्य से 1.9 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा. लगातार दूसरी रात तापमान इसी स्तर पर दर्ज किया गया.

घाटी में सबसे ठंडा स्थान पहलगाम रहा, जहां न्यूनतम तापमान शून्य से 3.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया. हालांकि, पिछली रात के मुकाबले यहां तापमान में मामूली सुधार हुआ है. काजीगुंड में पारा -2 डिग्री और उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा में -1.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं, गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान 1 डिग्री सेल्सियस रहा.

दक्षिण भारत में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

मौसम विभाग ने दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है. 27 और 28 नवंबर को केरल और लक्षद्वीप में कई जगहों पर बारिश हो सकती है.

27 नवंबर से 2 दिसंबर के बीच तटीय आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में अलग-अलग स्थानों पर बारिश होने की संभावना है. वहीं, 27 नवंबर को तटीय कर्नाटक में भी गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है.

अंडमान-निकोबार में 2 दिसंबर तक बारिश का अनुमान

पूर्वी भारत में अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 27 और 28 नवंबर को कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है. इस दौरान कुछ स्थानों पर गरज-चमक, बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. हवा की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है. 30 नवंबर और 1 दिसंबर को कुछ जगहों पर भारी बारिश का अलर्ट भी जारी किया गया है.

यूपी समेत कई राज्यों में घने कोहरे की चेतावनी

मौसम विभाग ने उत्तर भारत और पूर्वोत्तर के कई राज्यों में घने कोहरे की चेतावनी जारी की है. 27 नवंबर को असम और मेघालय के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छा सकता है.

वहीं, 27 और 28 नवंबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब और नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम तथा त्रिपुरा में घने कोहरे की संभावना है. हिमाचल प्रदेश में 27 से 30 नवंबर तक कुछ इलाकों में घना कोहरा छा सकता है. इसके अलावा 27 नवंबर को ओडिशा में भी कोहरे को लेकर चेतावनी जारी की गई है.

TV9 Bharatvarsh

TV9 Bharatvarsh

टीवी9 भारतवर्ष डिजिटल TV9 नेटवर्क का प्रमुख हिंदी न्यूज़ प्लेटफॉर्म है. इस वेबसाइट पर देश-विदेश की ताज़ा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़, विश्लेषण और ग्राउंड रिपोर्टिंग से पाठकों को रूबरू कराया जाता है. टीवी9 की वेबसाइट tv9hindi.com प्रमुख हिंदी वेबसाइटों में अपना स्थान रखती है. टीवी9 हिंदी का अपना मोबाइल ऐप भी है, जहां टेक्स्ट और वीडियो दोनों माध्यम से खबरें पढ़ीं और देखी जा सकती हैं. टीवी9 वेबसाइट पर राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन, स्वास्थ्य, टेक और अंतरराष्ट्रीय मामलों जैसी विविध श्रेणियों में खबरें कवर की जाती हैं. यहां एक्सप्लेनर्स, एक्सक्लूसिव स्टोरीज, वीडियो रिपोर्ट्स और लाइव अपडेट्स मिलते हैं. TV9 नेटवर्क का डिजिटल सेगमेंट तेजी से बढ़ा है और मिलियंस की संख्या में यूनिक यूजर्स तक पहुंचता है.

Read More

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button